लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली की धरती से कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं को भड़काने के साथ ही विरासत को अपमानित कर रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने सभी हद पार कर पार्टी के वास्तविक संस्कारों को उजागर कर दिया। कल वे अयोध्या के हनुमानगढ़ी गए थे। मंगलवार को हिंदू व्रत रखता है। ‘बल बुद्धि विद्या देहु मोहिं, हरहु कलेश विकार’ की प्रार्थना करता है। हम बजरंग बली के भक्त हैं, लेकिन आपने कल ‘बाबरी के भक्तों’ का आचरण देखा होगा। वे हनुमानगढ़ी जाते हैं और अपने कार्यालय में जाकर मछली की दावत उड़ाते हैं। यह मुंह में राम, बगल में छूरी वाले लोग हैं। यह लोग कहते थे कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं। अब यह राम मंदिर को पचा नहीं पा रहे हैं।
कांग्रेस ने देश और समाज को बांटा
उन्होंने आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस ने देश-समाज को बांटा, संविधान का गला घोंटा और फिर तुष्टिकरण की नीति पर चलकर विदेशी पैसे के बल पर भारत की सामाजिक एकता को खंडित करना चाहते हैं। उन्होंने प्रदेश-देशवासियों से अनुरोध किया कि इनसे सतर्क-सावधान होकर पीएम मोदी के नेतृत्व में विरासत और विकास के अभियान को बढ़ाना चाहिए। सीएम ने रायबरेली के सांसद/नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर भी खूब निशाना साधा।
राहुल गांधी को गलत तथ्यों से बचने की सलाह
सीएम ने राहुल गांधी का नाम लेकर कहा कि आप मनुस्मृति को मानिए या न मानिए, लेकिन गलत तथ्यों को न कहिए। आप बेटियों से कहते हैं कि मनुस्मृति से बाहर निकलिए। अथर्ववेद, शतपथ ब्राह्मण, महाभारत, मत्स्य पुराण जिसकी महिमा का गान करता हो, उस मनु को क्यों अपमानित कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि हर सनातनी जिस कालगणना को मानता है, उसे आपके नाना, परनाना, दादी ने नहीं, बल्कि मनु ने दिया है। सीएम ने बताया कि पलक झपकने को निमेष कहते हैं, 25 निमेष का एक काष्ठा, 30 काष्ठा का एक कला, 30 कला का एक मुहूर्त, 30 मुहूर्त का एक अहोरात्र (पूरा दिन-रात), 15 अहोरात्र का एक पक्ष, दो पक्ष (कृष्ण-शुक्ल) का एक माह, छह माह का एक अयन, दो अयन का एक वर्ष होता है। भगवान सूर्य जब उत्तरायण में आते हैं तो मकर संक्रांति आती है और प्रयागराज में माघ मेला लगता है। भीष्म पितामह शरशैया पर वेदना झेलते रहे, लेकिन उत्तरायण आने पर ही उन्होंने प्राण त्यागे। 43 लाख 32 हजार वर्ष का एक महायुग, 31 महायुग का एक मन्वंतर, 14 मन्वंतर को एक कल्प के रूप में माना है। इसका पालन करके ही सनातनी त्योहारों को मानता है।
राहुल गांधी के लिए रायबरेली व अमेठी वोटबैंक का माध्यम
सीएम ने कहा कि राहुल गांधी के लिए रायबरेली व अमेठी वोटबैंक प्राप्त करने का माध्यम रहा है। वह प्रदेश के बाहर यूपी, देश के बाहर भारत की निंदा करते हैं। सैनिकों को कटघरे में खड़ा करने के साथ ही नौजवानों को भरमाते हैं लेकिन नौजवान बहकावे में नहीं आएगा। जंतर-मंतर पर जिस बेटी ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की, उसने व माता-पिता ने एक सप्ताह के अंदर माफी मांगी। सीएम ने कहा कि आपके संस्कार भले ही भारत की परंपरा से मेल न खाते हों, लेकिन आप वर्तमान पीढ़ी के साथ खिलवाड़ न करें। आपको तो जिम्मेदार नेता का आचरण प्रस्तुत कर मिसाल प्रस्तुत करना चाहिए।
सपा के गुंडे मिड डे मील खा जाते थे
सीएम ने कहा कि 2017 के पहले अन्य राज्य व देश के लोग कहते थे कि आप उसी उत्तर प्रदेश से हैं, जहां दंगा, कर्फ्यू लगता था लेकिन अब लोग गले मिलते हैं। आपके साथ प्रभु राम की प्रतिकीर्ति को देखता है। आपसे मिलकर सामने वाले का चेहरा खिले, इससे बढ़कर सम्मान नहीं हो सकता। कांग्रेस ने 50 वर्ष में जितने लोगों को आवास-शौचालय नहीं दिया, उससे अधिक हमने प्रदेश व रायबरेली में दिया। युवाओं को नौकरी दी। सीएम ने घुमंतू सपेरा समुदाय के योगदान पर भी चर्चा की। कहा कि हमारी सरकार ने घुमंतू विकास बोर्ड बना दिया है। सपेरा समुदाय को भी जमीन के पट्टे, आवास स्वीकृत हुए। सीएम ने कहा कि अच्छी सरकार अच्छा काम करती है। शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइयों के लिए विगत दिनों सरकार द्वारा दिए गए उपहार का भी जिक्र किया। कहा कि अपने शासन में सपा के गुंडे मिड डे मील खा जाते थे, बच्चों को कुछ नहीं मिलता था।
कांग्रेस और सपा की पीड़ा
सीएम ने कहा कि कांग्रेस की पीड़ा है कि अयोध्या में राम मंदिर क्यों बन गया। सपा की पीड़ा है कि जिन रामभक्तों पर उन्होंने गोली चलाई, उन भक्तों का संकल्प पूरा हो गया। राम मंदिर के लिए गांव के गांव ने संकल्प लिया था कि जब प्रभु राम फिर से विराजमान होंगे, तब सिर पर पगड़ी व पैरों में चप्पल पहनेंगे।















