
न्यूयॉर्क के मशहूर मैडिसन स्क्वायर गार्डन में 29 अगस्त को यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन हो रहा है। इसमें आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का संबोधन होगा। कार्यक्रम से 200 से ज्यादा हिंदू-अमेरिकी संगठन जुड़े हैं और हजारों लोग आने वाले हैं। कार्यक्रम का मुख्य विचार है “वसुधैव कुटुंबकम्” यानी पूरी दुनिया एक परिवार है।
ये कार्यक्रम स्थानीय समायानुसार, दोपहर 2 बजे होगा। जिसे यूट्यूब पर लाइव किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले सरसंघचालक जी ने न्यूयॉर्क में ही स्थित ईस्ट विलेज में इस्कॉन का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने दुनिया को भगवान कृष्ण का रूप बताया। साथ ही भगवद्गीता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में विविधता है, संघर्ष हैं और अलग-अलग परिस्थितियां भी हैं। फिर भी मूल रूप से सब कुछ कृष्ण ही हैं। उन्होंने भगवद्गीता का जिक्र करते हुए बताया कि जीवन से भागना नहीं चाहिए। व्यक्ति को अपने कर्तव्य पर दृढ़ रहना चाहिए, उसे पूरा करना चाहिए और हर चीज में दिव्यता को पहचानना चाहिए।
सरसंघचालक जी ने कॉरपोरेट जगत का उदाहरण देते हुए बताया कि किसी कंपनी के निदेशक और सीईओ रणनीतिक योजना बनाते हैं। फिर बड़ी संख्या में लोग मिलकर उस योजना को पूरा करने के लिए काम करते हैं। इनमें से कुछ लोगों को पूरी योजना की जानकारी होती है, जबकि कुछ को नहीं पता होती। फिर भी सब एक ही अंतिम उद्देश्य के लिए योगदान देते हैं। जब हर व्यक्ति यह समझ लेता है कि वह एक साझा लक्ष्य के लिए काम कर रहा है, तो प्रगति काफी तेजी से होती है।