राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक श्री मोहन भागवत 29 अगस्त को न्यूयॉर्क में यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन में शामिल होंगे। आखिर यह क्या कार्यक्रम है, जिसको लेकर मीडिया में चर्चा हो रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आम्बेकर ने इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सुनील आम्बेकर ने बताया न्यूयॉर्क में होने वाला ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ (सार्वभौमिक एकता उत्सव) अलग-अलग धर्मों के लोगों के मिलन का एक उदाहरण है, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी अलग-अलग संस्कृतियों और धर्मों के लोगों से बातचीत करेंगे। खुली बातचीत और आपसी सम्मान की भावना से आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय मूल्यों को दर्शाता है, जो मूल रूप से सबको साथ लेकर चलने और सबका स्वागत करने वाले हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि यह पहल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की उस पुरानी परंपरा का हिस्सा है जिसके तहत वह भारत और दुनिया भर के अलग-अलग समुदायों के साथ जुड़कर आपसी समझ और साझा उद्देश्यों को बढ़ावा देता रहा है। हम उन सभी लोगों को बातचीत के इन खुले मंचों में शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हैं जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दृष्टिकोण (विज़न) और विचारधारा के बारे में और जानना चाहते हैं।
















