बॉलीवुड में अक्सर सितारों के फैशन और विज्ञापन चर्चा का विषय बन जाते हैं। खासकर जब कोई विज्ञापन किसी पारंपरिक त्योहार से जुड़ा हो, तो लोगों की नजर उसके संदेश के साथ-साथ कलाकारों के लुक पर भी जाती है। रक्षाबंधन के मौके पर सामने आए कृति सेनन के एक जूलरी ऐड को लेकर भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। सोशल मीडिया पर इस विज्ञापन को लेकर बहस शुरू हुई और अब इसमें बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत की एंट्री हो गई है। अपनी बेबाक बातों के लिए मशहूर कंगना ने कृति के ऐड के बहाने महिलाओं के पहनावे और त्योहारों की मर्यादा को लेकर अपनी राय रखी है।
कृति के राखी लुक पर कंगना का तंज
दरअसल, रक्षाबंधन के मौके पर कृति सेनन एक जूलरी ब्रांड के विज्ञापन में नजर आईं। ऐड में उन्होंने ऑफ-व्हाइट रंग की ड्रेस पहनी है। उनके लुक में ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट दिखाई दे रही है। विज्ञापन सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने कृति के लुक और स्टाइल की तारीफ की, तो कुछ यूजर्स ने इसे रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के लिए सही नहीं बताया। इसी बीच कंगना रनौत ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए महिलाओं के पहनावे और त्योहारों के दौरान कपड़ों के चुनाव पर सवाल उठाया। कंगना का कहना है कि आज महिलाओं के पास पहनने के लिए कपड़ों की कमी नहीं है। उनके पास साड़ी, लहंगा-चोली, सलवार-कमीज, जींस से लेकर कई तरह के मॉडर्न आउटफिट्स तक मौजूद हैं। कंगना ने सवाल किया कि जब महिलाओं के पास इतने सारे विकल्प हैं, तो भाई को राखी बांधने जैसे पारंपरिक मौके पर बिकिनी या अंडरगारमेंट्स जैसे कपड़ों की जरूरत क्यों पड़ती है? उन्होंने इस तरह के विज्ञापन को जानबूझकर अजीब तरीके से तैयार किया गया बताया।
















