आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आय़ा हैं, जहां एक महिला शिक्षिका की क्रूरता के कारण एक पांच साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चा विशाखापट्टनम के कोथा रोड स्थित एक निजी स्कूल में यूकेजी का छात्र था।
क्या है पूरा मामला
रिपोर्ट्स के अनुसार, मरे हुए बच्चे का नाम टी. प्रणय तेज है। उसके पिता कृष्ण प्रसाद रसोई में काम करते हैं और माँ साई लक्ष्मी घर संभालती हैं। परिवार के मुताबिक प्रणय गुरुवार को स्कूल जाने से हिचकिचा रहा था क्योंकि उसका कुछ होमवर्क अधूरा था। फिर भी वह स्कूल गया, लेकिन मन उदास था। कारण ये था कि होम वर्क अधूरा होने पर उसे शिक्षिका की क्रूरता का शिकार होना पड़ता था।
कक्षा में क्या हुआ
स्कूल की सीसीटीवी फुटेज में टीचर छात्रों को एक-एक करके बुलाकर होमवर्क चेक कर रही थीं। जब प्रणय की बारी आई तो उसने खाली स्लेट दिखाई। बच्चा पहले से ही डरा था, ऊपर से शिक्षिका ने उसे अपनी तरफ खींचा, उसकी शर्ट के बटन खोले और कक्षा में ही जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। उसने इस बात का भी लिहाज नहीं किया कि वो छोटा बच्चा था। उसके थप्पड़ के बाद बच्चा गिर पड़ा। ये घटना करीब 11 बजे हुई। बच्चे को तुरंत विशाखापट्टनम के केजी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्कूल प्रबंधन ने माता-पिता को दोपहर 12:50 बजे सूचना दी।
परिजनों ने किया प्रदर्शन
माँ-बाप और रिश्तेदारों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की माँग की। उन्होंने टीचर को बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदार बताया। जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम कुमार और वन टाउन पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर वरा प्रसाद स्कूल पहुँचे। उन्होंने स्टाफ और छात्रों से बात की। प्रेम कुमार ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है और आगे की कार्रवाई जल्द शुरू होगी। पुलिस ने माता-पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम के बाद पता चलेगा।
मंत्री की प्रतिक्रिया
आईटी और शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। घटना वन टाउन पुलिस स्टेशन के इलाके में हुई। पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों मामले की जाँच कर रहे हैं।











