ऋषिकेश: पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर ऋषिकेश गंगा और उसकी सहायक नदियों में साफ देखने को मिल रहा है। गंगा और उसकी सहायक नदी चंद्रभागा, खाराश्रोत और बीन नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है।
गंगा भी इस वक्त चेतावनी रेखा से ऊपर होकर बह रही है।
उधर परमार्थ निकेतन के शिव मूर्ति घाट का पूरा हिस्सा जलमग्न हो गया है। यहां गंगा घाटों के ऊपर से होकर बह रही है। हालात को देखते हुए एसडीआरएफ ,जल पुलिस एवं आपदा राहत दल की सभी टीमें को गंगा तट स्थित प्रमुख घाटों पर तैनात किया गया है।
नदी के जलस्तर पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा
गंगा तटों पर तैनात टीमों द्वारा लाउडहेलर के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा सभी से अपील की जा रही है कि वे किसी भी स्थिति में गंगा नदी की तेज धारा की ओर न जाएं तथा केवल निर्धारित एवं सुरक्षित पक्के घाटों पर ही स्नान करें। जिला प्रशासन ने देहरादून जनपद के सभी विद्यालयों में मंगलवार को अवकाश घोषित किया है।जल पुलिस हरीश गुसाई ने बताया कि लोगों को गंगा में बढ़ते खतरे के प्रति लगातार अलर्ट किया जा रहा है।
गंगा तट पर आपदा प्रबंधन टीम तैनात
गंगा तट पर पुलिस और आपदा प्रबंधन दल की टीमें तैनात कर दी गई है। ऋषिकेश में चेतावनी रेखा 339.50 मीटर निशान के ऊपर बह रही रही।इसके अतिरिक्त, गंगा नदी के किनारे रहने वाले स्थानीय निवासियों को भी टीमों द्वारा समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। गंगा में बढ़ते जलस्तर से मैदानी क्षेत्रों में खासकर यूपी के हिस्सों में भी चेतावनी जारी कर दी गई है।
हरिद्वार में बड़ी गंगा में पानी पूरे वेग से बह रहा है।
आज पूरे उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट है,दून घाटी में भी बीती रात्रि से भारी बारिश हो रही है जिसकारण बरसाती नदियों के जल स्तर ने आसपास के कई घरों में दस्तक दी है। रिस्पना,बिंदाल, जाखन, नदियों के रौद्र रूप से लोगो में दहशत देखी जा रही है।

















