बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान अगले सप्ताह भारत के दौरे पर आ सकते हैं। उनके इस संभावित दौरे को लेकर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय बातचीत चल रही है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह यात्रा अगले हफ्ते के आखिर में हो सकती है। अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि रहमान 21 से 25 अगस्त के बीच भारत आ सकते हैं। अगर यात्रा होती है तो पद संभालने के बाद यह उनकी भारत की पहली यात्रा होगी।
दोनों तरफ से आमंत्रण
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीक रहमान को द्विपक्षीय यात्रा के लिए न्योता दिया था। इसके अलावा BIMSTEC के अध्यक्ष के रूप में सितंबर में भारत में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र के लिए भी न्योता भेजा गया है। दोनों पक्षों का मानना है कि द्विपक्षीय यात्रा रिश्तों को सामान्य बनाने की दिशा में ज्यादा महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। फिलहाल दोनों देशों के संबंध कई मुद्दों पर तनावपूर्ण हैं। इनमें पूर्व बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा भी शामिल है।
बांग्लादेश की तरफ से विचारणीय मुद्दे
कूटनीतिक सूत्रों के अनुसार, तारीक रहमान अपनी भारत यात्रा को अंतिम रूप देते समय कुछ मुद्दों पर खास ध्यान दे रहे होंगे। इनमें सीमा प्रबंधन, घरेलू राजनीतिक माहौल, व्यापार और वीजा नियमों का सामान्य होना तथा जल बंटवारा शामिल हैं।
भारत की चिंताएं
भारत की तरफ से सुरक्षा संबंधी मुद्दे प्रमुख हैं। इनमें विद्रोही समूहों की गतिविधियां, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और ढाका का चीन व पाकिस्तान की तरफ संभावित झुकाव शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें: अफगानिस्तान में तालिबान शासन के 5 साल: मानवाधिकार संकट और बढ़ते राजनयिक संपर्क
विदेश मंत्रालय का बयान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने प्रस्तावित यात्रा के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा, “हमने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को द्विपक्षीय यात्रा के लिए आमंत्रण दिया है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र के लिए भी आमंत्रण दिया गया है। ये आमंत्रण दिए जा चुके हैं और इस संबंध में कोई प्रगति होती है तो मैं आपको अपडेट रखूंगा।”
ढाका के सूत्रों की बात
ढाका के कूटनीतिक सूत्रों के अनुसार घरेलू कट्टरपंथी तत्वों के विरोध के बावजूद तारीक रहमान इस महीने के अंत में भारत आने की संभावना है। संभव है कि यात्रा 22-23 अगस्त को हो। अगले दो दिनों में तारीखों पर और चर्चा होने वाली है। दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी 20 से 25 अगस्त के बीच के संभावित समय पर चर्चा कर रहे हैं। 28 अगस्त से पहले किसी भी तारीख पर मुलाकात की संभावना भी तलाशी जा रही है।

















