वाराणसी: सावन के पावन माह में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी बीच दर्शन कराने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। कर्नाटक से आई एक महिला श्रद्धालु से एक दलाल ने सुलभ दर्शन कराने का झांसा देकर चार हजार रुपये ले लिए। घटना की जानकारी मिलते ही सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए दलाल से महिला के चार हजार रुपये वापस कराए और भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी।
दलाल से रुपये वापस दिलाकर पुलिस ने कराया सुरक्षित दर्शन
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में थाना प्रभारी दलाल को महिला के रुपये तत्काल लौटाने के निर्देश देते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दलाल ने ऑनलाइन माध्यम से महिला के खाते में पूरी राशि वापस कर दी। पुलिस ने दलाल को फटकार लगाते हुए श्रद्धालुओं से दर्शन के नाम पर धन उगाही न करने की हिदायत दी। इसके बाद महिला श्रद्धालु को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन भी कराया गया। पुलिस का कहना है कि मंदिर परिसर और आसपास दर्शन के नाम पर ठगी करने वाले दलालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। श्रद्धालुओं को पोस्टर, बैनर और जनजागरूकता संदेशों के माध्यम से भी आगाह किया जाता है कि वे दर्शन के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें। ऐसे मामलों में पुलिस पहले भी कई दलालों को गिरफ्तार कर चुकी है।

















