गाजीपुर पुलिस ने माफिया मुख्तार अंसारी (मृतक) के गैंग के मुख्य शार्प शूटर और सहयोगी अंगद राय उर्फ झूलन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी संगठित अपराध से अर्जित बताई जा रही 9 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त कर ली। यह संपत्ति उसकी पत्नी सरिता राय के नाम से खरीदी गई थी। कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, झूलन पुत्र सर्वदेव राय, निवासी ग्राम शेरपुर खुर्द, थाना भांवरकोल, जनपद गाजीपुर, आईएस-191 गैंग का सक्रिय सदस्य और मुख्तार अंसारी का मुख्य शार्प शूटर रहा है। आरोप है कि उसने संगठित अपराध से अर्जित धन से अपनी पत्नी सरिता राय के नाम पर उक्त अचल संपत्ति खरीदी थी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि कोतवाली थाना प्रभारी द्वारा 30 जुलाई 2026 को भेजी गई आख्या के बाद कुर्की का आदेश पारित किया गया। इसके अनुपालन में सोमवार, 3 अगस्त 2026 को करीब 9.50 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति को विधिक प्रक्रिया के तहत कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि अंगद राय द्वारा संचालित गैंग लोक व्यवस्था को प्रभावित करने तथा अपने और गैंग के अन्य सदस्यों के आर्थिक एवं भौतिक लाभ के उद्देश्य से विभिन्न आपराधिक और समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इन्हीं गतिविधियों से अर्जित धन से खरीदी गई संपत्ति के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है।

















