काम की खबरें

EPFO ने PF क्लेम प्रक्रिया की आसान, अब 24-48 घंटे में मिल सकता है पैसा

नए सिस्टम की मदद से अब ज्यादातर क्लेम तेजी से प्रोसेस किए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों को कम समय में अपना पैसा मिल सकेगा।

Published by
Mahak Singh

नौकरीपेशा लोगों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (PF) मुश्किल समय में सबसे बड़ा आर्थिक सहारा होती है। लेकिन कई बार जरूरत पड़ने पर पीएफ का पैसा निकालने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। अब इस परेशानी से राहत मिलने वाली है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपनी क्लेम सेटलमेंट प्रक्रिया को पहले से ज्यादा तेज और डिजिटल बना दिया है। नए सिस्टम की मदद से अब ज्यादातर क्लेम तेजी से प्रोसेस किए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों को कम समय में अपना पैसा मिल सकेगा।

अब 24-48 घंटे में मिल सकता है पैसा

EPFO के अनुसार, अब लगभग 90 प्रतिशत पीएफ क्लेम ऑटो-सेटलमेंट सिस्टम के जरिए निपटाए जा रहे हैं। इसका फायदा यह होगा कि कई मामलों में क्लेम उसी दिन मंजूर हो सकता है, जबकि ज्यादातर कर्मचारियों को 24 से 48 घंटे के भीतर पैसा मिलने की उम्मीद है। पहले जहां क्लेम के लिए कई दिनों या हफ्तों तक इंतजार करना पड़ता था, अब यह प्रक्रिया काफी तेज हो गई है।

नई व्यवस्था से क्या होगा फायदा?

नई डिजिटल व्यवस्था के लागू होने के बाद पीएफ क्लेम करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। अब कर्मचारियों को बार-बार EPFO कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अधिकतर काम ऑनलाइन ही पूरे किए जा सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और क्लेम प्रक्रिया भी पारदर्शी बनेगी। मेडिकल इमरजेंसी, शिक्षा, घर बनाने या किसी अन्य जरूरी काम के लिए जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों को जल्दी पैसा मिल सकेगा।

जल्द मिलेगी UPI से पेमेंट की सुविधा

EPFO अपने सदस्यों के लिए UPI के जरिए भुगतान की सुविधा शुरू करने की तैयारी भी कर रहा है। इस सुविधा के लागू होने के बाद पीएफ क्लेम की राशि सीधे UPI से जुड़े बैंक खाते में भेजी जा सकेगी। इससे भुगतान की प्रक्रिया और तेज हो जाएगी तथा कर्मचारियों को अपने पैसे के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

Share
Published by
Mahak Singh