स्वतंत्रता दिवस से पहले अमृतसर देहात पुलिस ने अजनाला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए खालिस्तान लिबरेशन फोर्स से जुड़े चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी स्वतंत्रता दिवस के आसपास किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। चारों से लगातार पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। दूसरी ओर बठिण्डा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है जिसके चलते वहां पर सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद कर दी गई है।
आतंकियों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स के आतंकियों की पहचान रामदास क्षेत्र के रहने वाले करणवीर सिंह, मनदीप सिंह, सुखदीप सिंह और प्रदीप सिंह के रूप में हुई है। एसएसपी कंवल प्रीत सिंह का कहना है कि यह गिरोह पहले भी पुलिस थानों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर बोतल बम तथा ग्रेनेड से किए गए हमलों में शामिल रहा है। आरोप है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर इनकी गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
बोतल बम से कर चुके हैं हमला
जांच में यह भी सामने आया है कि 23 जुलाई की आधी रात को अजनाला थाना क्षेत्र की चमियारी पुलिस चौकी पर हुए बोतल बम हमले में भी इसी गिरोह की भूमिका रही है। हालांकि उस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी और उस समय पुलिस अधिकारियों ने हमले की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं की थी। अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उस घटना के तार भी जोड़े जा रहे हैं।
एएसआई जोगा सिंह की हत्या व सेना क्षेत्र में विस्फोट में भी थे शामिल
ये भी पता चला है कि एएसआई जोगा सिंह की हत्या और खासा स्थित सेना क्षेत्र के बाहर हुए विस्फोट में भी इसी मॉड्यूल का हाथ था। पूछताछ के दौरान आरोपियों से कई अहम जानकारियां मिलने की संभावना है जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में भी जुटी हैं।
बठिंडा में रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ाई
बठिंडा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जीआरपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। धमकी मिलने के तुरंत बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई तथा व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया गया।
बठिंडा में ई-मेल से मिली धमकी
जानकारी के अनुसार यह धमकी एक ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा जांच शुरू कर दी। इस दौरान डॉग स्क्वॉड की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं और स्टेशन के विभिन्न हिस्सों की गहन जांच की गई। शुक्रवार को बड़ी संख्या में पुलिस बल ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर पहुंचकर यात्रियों के सामान की जांच की। डॉग स्क्वॉड की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई। प्लेटफॉर्म और उसके आसपास पड़े लावारिस सामान की भी बारीकी से जांच की गई तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई।
पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान
पुलिस ने रेलवे स्टेशन की सीढिय़ों, पार्किंग क्षेत्र और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बैठे लोगों के सामान की भी जांच की। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों का निरीक्षण किया गया तथा डिब्बों में मौजूद यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने रेलवे यात्रियों से अपील की कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु या लावारिस सामान दिखाई दे तो उसे हाथ न लगाएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें। साथ ही यात्रियों को यह भी जागरूक किया गया कि वे किसी अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति का सामान अपने पास न रखें।











