भोपाल। सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने का एक और मामला मध्य प्रदेश से सामने आया है। भोपाल की 20 वर्षीय युवती से इंस्टाग्राम पर खुद को “क्रिश जैन” बताकर दोस्ती करने वाले युवक ने करीब एक वर्ष तक अपनी वास्तविक पहचान छिपाए रखी। प्रेम संबंध गहरे होने के बाद वह युवती को शादी का भरोसा देकर दिल्ली ले गया, लेकिन दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जब उसने मस्जिद में चलकर निकाह करने की बात कही, तब युवती को पता चला कि जिस व्यक्ति को वह अब तक क्रिश जैन समझती रही, उसका वास्तविक नाम जुम्मन अंसारी है।
पहचान उजागर होते ही युवती ने शादी से इनकार कर दिया। रेलवे स्टेशन पर हुए विवाद के बाद दिल्ली जीआरपी और भोपाल पुलिस की सक्रियता से युवती को सुरक्षित वापस लाया गया, जबकि आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
एक साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार, निशातपुरा क्षेत्र में रहने वाली 20 वर्षीय युवती की करीब एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी एक युवक से पहचान हुई थी। युवक ने अपना नाम क्रिश जैन बताया और उसी पहचान के साथ युवती से लगातार बातचीत करता रहा। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह संबंध प्रेम संबंध में बदल गया।
विश्वास जीतने भोपाल आकर रहने लगा
जांच में सामने आया कि युवती का भरोसा पूरी तरह जीतने के लिए आरोपी कुछ समय पहले भोपाल के करोंद क्षेत्र में आकर रहने और काम करने लगा। लगातार मुलाकातों और संपर्क के कारण युवती को उसकी पहचान पर कोई संदेह नहीं हुआ। इसी दौरान उसने युवती को शादी का भरोसा भी दिया।
मुलाकात के बहाने सीधे दिल्ली ले गया
कुछ दिन पहले आरोपित ने युवती को करोंद चौराहे पर मिलने के लिए बुलाया। वहां से वह उसे भोपाल रेलवे स्टेशन ले गया और दोनों ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। घर नहीं लौटने पर युवती के स्वजनों ने निशातपुरा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
परिजनों ने संदेह के आधार पर युवक और युवती के फोटो पुलिस को उपलब्ध कराए। निशातपुरा पुलिस ने तत्काल दोनों के फोटो और विवरण विभिन्न जीआरपी थानों को भेज दिए, ताकि रेलवे स्टेशनों पर उनकी पहचान की जा सके। इसी सतर्कता ने पूरे घटनाक्रम में अहम भूमिका निभाई।
मस्जिद चलो, निकाह करेंगे
दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद आरोपित लव जिहादी ने युवती से मस्जिद चलकर निकाह करने की बात कही। इसी दौरान युवती को पहली बार पता चला कि युवक की पहचान वैसी नहीं है जैसी उसने इंस्टाग्राम पर बताई थी। खुद को क्रिश जैन बताने वाला युवक वास्तव में जुम्मन अंसारी निकला। अचानक सामने आए इस सच से युवती स्तब्ध रह गई और उसने शादी से साफ इनकार कर दिया।
रेलवे स्टेशन पर हुआ विवाद, जीआरपी ने संभाला मामला
युवती के विरोध के बाद दोनों के बीच रेलवे स्टेशन पर विवाद शुरू हो गया। शोर-शराबा होने पर दिल्ली जीआरपी मौके पर पहुंची और दोनों को रोककर पूछताछ की। इसी दौरान भोपाल पुलिस द्वारा पहले से साझा किए गए फोटो और विवरण के आधार पर उनकी पहचान की पुष्टि हुई। इसके बाद दिल्ली जीआरपी ने भोपाल पुलिस को सूचना दी।
दिल्ली पहुंची भोपाल पुलिस, युवती को सकुशल लौटाया
सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हुई। पुलिस ने युवती को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और आरोपित को हिरासत में लेकर भोपाल ले आई।
प्रकरण दर्ज, न्यायालय से भेजा गया जेल
निशातपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल यादव की ओर से इस संबंध में बताया गया कि युवती की शिकायत के आधार पर जुम्मन अंसारी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित ने फर्जी पहचान का उपयोग कब और किस उद्देश्य से शुरू किया था।
















