भारत

Today Weather: देशभर में एक्टिव हुआ मॉनसून, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवा, आंधी और बिजली गिरने का भी अलर्ट है।

Published by
Mahak Singh

देशभर में एक बार फिर मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश से कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। कहीं नदियां और नाले उफान पर हैं तो कहीं सड़कों पर पानी भर गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवा, आंधी और बिजली गिरने का भी अलर्ट है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

इन राज्यों में होगी सबसे ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 23 से 29 जुलाई तक तेज बारिश होने की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले सात दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, ओडिशा, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पूरे सप्ताह मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। वहीं कोंकण, गोवा, गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। लगातार बारिश के कारण कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, पुडुचेरी और आसपास के क्षेत्रों में अगले सात दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें। बिजली कड़कने के समय खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े न हों। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि वहां भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर देखें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

Share