नीट पेपर लीक मामले को लेकर देश में राजनीतिक माहौल लगातार गरमाया हुआ है। इसी मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉक्रोच जनता पार्टी (CJP) ने संसद मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली।
राजीव चौक मेट्रो स्टेशन में घुस गए सैकड़ों CJP प्रदर्शनकारी
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही प्रदर्शनकारी पार्लियामेंट स्ट्रीट पहुंचे, बड़ी संख्या में CJP प्रदर्शनकारी राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के अंदर पहुंच गए। अचानक इतनी भीड़ आने से स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई और सुरक्षा एजेंसियों को स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बल पहले से ही अलर्ट पर थे। संसद भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई ताकि प्रदर्शनकारियों को संसद की ओर बढ़ने से रोका जा सके। पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
इस बीच प्रदर्शन का असर इंटरनेट सेवाओं पर भी देखने को मिला। राजीव चौक, जंतर-मंतर, पटेल चौक, मंडी हाउस और संसद भवन के आसपास करीब पांच किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हैं। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।

















