बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 3 इडियट्स आज भी लोगों की पसंदीदा फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म का किरदार फुंसुख वांगडू दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुका है। कई सालों से यह चर्चा होती रही है कि यह किरदार शिक्षा सुधारक और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से प्रेरित है। लेकिन अब इस पूरे मामले पर आमिर खान ने खुद अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सच्चाई बता दी है।
आमिर खान बोले- सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था फुंसुख वांगडू
हाल ही में आमिर खान लंदन में अपनी फिल्म लगान के विशेष प्रीमियर में पहुंचे थे। इस दौरान उनसे पूछा गया कि क्या 3 इडियट्स का फुंसुख वांगडू वाला किरदार सोनम वांगचुक पर आधारित था। इस सवाल का जवाब देते हुए आमिर ने साफ कहा कि यह बात सही नहीं है और यह सिर्फ एक गलतफहमी है। आमिर खान ने बताया कि जब 3 इडियट्स की शूटिंग चल रही थी, तब उन्हें सोनम वांगचुक के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि बाद में उन्होंने अभिनेता ओमी वैद्य का एक वीडियो देखा, जिसमें यह दावा किया गया था कि फिल्म का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित है। लेकिन आमिर के मुताबिक यह दावा सही नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी, लेखक अभिजात जोशी और पूरी टीम में से कोई भी उस समय सोनम वांगचुक को नहीं जानता था। इसलिए फिल्म की कहानी या फुंसुख वांगडू का किरदार उनसे प्रेरित नहीं था। हालांकि, आमिर खान ने सोनम वांगचुक के काम की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सोनम शिक्षा और समाज के लिए शानदार काम कर रहे हैं और उनका सम्मान उनके काम की वजह से होना चाहिए। इसके लिए यह कहना जरूरी नहीं कि किसी फिल्म का किरदार उन्हीं पर आधारित है। इसी कार्यक्रम में आमिर खान से सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर भी सवाल किया गया। उस समय वह दिल्ली के जंतर-मंतर में भूख हड़ताल पर थे। आमिर ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई और उम्मीद व्यक्त की कि वह जल्द स्वस्थ होंगे और अपना अनशन खत्म करेंगे।















