पश्चिम बंगाल के बारुईपुर इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित बलात्कार और हत्या की घटना के बाद हुए विरोध प्रदर्शन में हिंसा भड़क गई थी। इस हिंसा के सिलसिले में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता लहेक अली को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह इस मामले में गिरफ्तार होने वाले पहले नेता हैं।
पुलिस के मुताबिक, चार जुलाई को सूर्यपुर इलाके में एक किशोरी लापता हो गई थी। अगले दिन यानी पांच जुलाई को उसका शव सूर्यपुर हाट के पास एक तालाब से मिला। परिवार का आरोप है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और फिर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में गुस्सा भड़क उठा और बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।
इसे भी पढ़ें: थाइलैंड: बैंकॉक के पब में लगी भीषण आग: 27 लोगों की मौत, 63 घायल
प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ
प्रदर्शनकारियों ने एक युवक इंद्रजीत मंडल की पीट-पीटकर हत्या कर दी। उन पर शक था कि वह पहले वाली घटना में शामिल हो सकता है। भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया, टायरों में आग लगाई और सड़कें जाम कर दीं। इससे पूरे इलाके में जनजीवन प्रभावित हुआ और रेल सेवाएं भी ठप हो गईं। पुलिस का कहना है कि लहेक अली ने ही इस हिंसा को भड़काने में भूमिका निभाई। लहेक अली इस साल हुए विधानसभा चुनाव में बारुईपुर पश्चिम सीट से माकपा के उम्मीदवार थे।
मुख्यमंत्री की परिजनों से मुलाकात
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को दोनों परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने नाबालिग लड़की के परिवार और मॉब लिंचिंग में मारे गए इंद्रजीत मंडल के परिजनों से बात की। सीएम ने दोनों परिवारों को सरकारी मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दोनों मामलों में दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलेगी। इंद्रजीत के परिवार से उन्होंने कहा, “हम उस युवक को वापस नहीं ला सकते, लेकिन सरकार उसके परिवार की जिम्मेदारी लेगी।” शुभेंदु अधिकारी ने यह भी कहा कि इंद्रजीत को नाम लेकर निशाना बनाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन राजनीतिक तत्वों को मतदाताओं ने खारिज कर दिया था, उन्होंने इस हिंसा को बढ़ावा दिया।
पुलिस चौकी का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने सूर्यापुर में एक नई पुलिस चौकी का उद्घाटन भी किया। परिवार ने कुछ दिन पहले ही इसकी मांग की थी, जिसे मात्र चार दिन में पूरा कर दिया गया। शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि सरकार शुरुआत से ही पीड़िता के परिवार के साथ खड़ी रही है। जांच में परिवार का सहयोग सराहनीय रहा। शिकायत में नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कुछ आरोपी बशीरहाट के पास भारत-बांग्लादेश सीमा की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे।











