पंजाब के मोगा शहर के सदर थाने में आठ जुलाई को ग्रेनेड से हमला हुआ था। आज केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और मोगा बीजेपी के वरिष्ठ नेता जब थाना सदर मौके का जायजा लेने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते रोक लिया। इस दौरान पुलिस और केंद्रीय मंत्री के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई।
धरने पर बैठे बिट्टू
बाद में बिट्टू अपने साथियों के साथ सडक़ पर धरने पर बैठ गए। बातचीत के बाद अंतत: पुलिस ने उन्हें आगे जाने की अनुमति दे दी। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और सुरक्षा के मद्देनजऱ सडक़ पर बैरिकेडिंग कर रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। काफी समय बाद पुलिस ने रास्ता खोल दिया जिसके बाद बिट्टू अपने साथियों के साथ थाना सदर पहुंचे और मोगा एसएसपी के साथ बातचीत की।
कहा, भाजपा से डरते हैं भगवंत मान
इस दौरान बिट्टू ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवंत मान बीजेपी से क्यों डरते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 22 बम ब्लास्ट हो चुके हैं, लेकिन किसी भी मामले में आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है।
पुलिस हमें रोकने की बजाय घटनाओं को रोके
बिट्टू ने आगे कहा कि जब उन्होंने पंजाब के मुद्दों को लेकर आवाज उठाई, तो उन्हें ही रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि पूरे जिले की पुलिस उन्हें रोकने में लगी रही, लेकिन जो घटनाएं हो रही हैं, उन्हें सुलझाने की ओर पुलिस का ध्यान नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दिन पंजाब पुलिस के एक एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
जब थानों पर हमले हो रहे हैं तो जनता कैसे सुरक्षित महसूस करे
उन्होंने कहा कि हम यहां पंजाब की जनता के लिए आए हैं। अगर थानों पर हमले हो रहे हैं, तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगी? उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अब गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने से डरती है।
पंजाब का माहौल खरब करने की साजिश
बिट्टू ने कहा कि पंजाब के माहौल को खराब करने की साजिश रची जा रही है, जिसमें पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी और पन्नू जैसे लोगों का नाम आ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं कर रही। उन्होंने आगे कहा कि कुछ फिल्में भी पंजाब के माहौल को बिगाडऩे की कोशिश कर रही हैं।
दिलजीत दोसांझ की फिल्म पर उठाए सवाल
उन्होंने अभिनेता दिलजीत दोसांझ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी फिल्मों से माहौल खराब करने की साजिश की जा रही है। बिट्टू ने कहा कि पुलिस को चाहिए कि जल्द से जल्द उन अपराधियों को गिरफ्तार करे जो पंजाब की अमन-शांति को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार डरी हुई है और पंजाब में होने वाली घटनाओं को छिपाने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से केजरीवाल जैसे लोगों को पंजाब में बैठा दिया गया है, लेकिन इससे कोई सुधार नहीं हो रहा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार को सबसे पहले पंजाब की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए और पार्टीबाजी से ऊपर उठकर राज्य को बचाने के बारे में सोचना होगा।

















