भारत

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर ABVP का बड़ा संदेश, युवाओं से कहा- राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अपने 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर आज देशभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर राष्ट्र पुनर्निर्माण में विद्यार्थी शक्ति की भूमिका को पुनः रेखांकित किया।

Published by
Panchjanya

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अपने 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर आज देशभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर राष्ट्र पुनर्निर्माण में विद्यार्थी शक्ति की भूमिका को पुनः रेखांकित किया। दिल्ली विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, पंजाब विश्वविद्यालय, हैदराबाद विश्वविद्यालय समेत देशभर के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विभागों, नगरों, जिलों एवं अभाविप की सभी इकाइयों द्वारा संगोष्ठियों, युवा संवादों, सेवा गतिविधियों, रक्तदान शिविरों, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियानों, करियर मार्गदर्शन, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विचार गोष्ठियों तथा स्वामी विवेकानंद स्मारकों पर श्रद्धांजलि एवं स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों विद्यार्थियों ने राष्ट्रहित एवं समाजहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर अभाविप ने सभी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका का आह्वान किया।

युवाओं में राष्ट्रीय चेतना बढ़ाने पर जोर

देशभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अभाविप के विविध रचनात्मक आयामों, गतिविधियों एवं अभियानों जिसमें सेवार्थ विद्यार्थी, विकासार्थ विद्यार्थी, राष्ट्रीय कला मंच, शोध आयाम, खेलो भारत, मिशन साहसी तथा अन्तर्राज्य छात्र जीवन दर्शन (SEIL) से परिचित कराया गया। साथ ही आगामी वर्ष में संचालित किए जाने वाले प्रमुख राष्ट्रव्यापी अभियानों एवं आयोजनों ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’, ‘SEIL@60’, ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’, आपातकाल विरोध के 50 वर्ष, श्री गुरु तेगबहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष तथा संत रविदास जी के 650वें प्राकट्योत्सव वर्ष के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी विद्यार्थियों के साथ साझा की गई। इन अभियानों के माध्यम से अभाविप युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व, शारीरिक सक्रियता, सांस्कृतिक गौरव तथा राष्ट्रीय एकात्मता के भाव को और अधिक सुदृढ़ करेगी।

विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

78 वर्षों की अपनी गौरवशाली यात्रा में अभाविप ने छात्र आंदोलनों के साथ-साथ सेवा, संगठन, शिक्षा सुधार, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रीय एकात्मता, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, अनुसंधान, खेल, कला एवं व्यक्तित्व निर्माण जैसे विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है। 77 लाख से अधिक सक्रिय सदस्यों के साथ अभाविप आज विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो छात्रशक्ति को राष्ट्रशक्ति में रूपांतरित करने के अपने ध्येय के साथ निरंतर कार्यरत है। संगठन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, राष्ट्रीय चरित्र निर्माण तथा विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु निरंतर समाज जीवन के विविध क्षेत्रों में रचनात्मक हस्तक्षेप कर रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने आज काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित ‘वसुंधरा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “विद्यार्थी परिषद ने अपनी 78 वर्षों की यात्रा में सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को राष्ट्र पुनर्निर्माण के ध्येय से जोड़ा है। आज विश्व के सबसे बड़े विद्यार्थी संगठन के रूप में हम प्रत्येक विद्यार्थी तक सेवा, संगठन और राष्ट्र प्रथम की भावना पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के इस अवसर पर मैं देश के समस्त विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ तथा उनसे आह्वान करता हूँ कि वे ज्ञान, चरित्र, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को आत्मसात करते हुए विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ। विद्यार्थी केवल भविष्य के नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान के राष्ट्रनिर्माता हैं।”

Share