पाकिस्तान लगातार पाकिस्तान अधिक्रांत कश्मीर (PoJK) में लोगों को प्रताड़ित कर रहा है। Pojk के लोग अब तंग आ चुके हैं और वे अजादी की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर वहां पर प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं इन प्रदर्शनों को कुचलने के लिए पाकिस्तानी सेना क्रूरता कर रही है। इसी क्रम में प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी रेंजर्स के द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। ये लोग 600 से ज्यादा नागरिक अधिकार कार्यकर्ताओं को की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। मुजफ्फराबाद के कई इलाकों में शेलिंग, फायरिंग और प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प की खबरें आई हैं।
झड़पें और कार्रवाई
जॉइंट अवामी एक्शन कमिटी (JAAC) ने X (ट्विटर) पर जानकारी दी कि सुरक्षा बलों ने मुजफ्फराबाद में शेलिंग की और कई युवाओं की मोटरसाइकिलें खराब कर दीं। पुलिस और पाकिस्तान रेंजर्स ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे। झड़पें मंक पियान, संगी मेरा, तारीकाबाद, लोअर छत्रा और बेला नूर शाह जैसे कई इलाकों में हुईं। लोअर छत्रा में खासतौर पर तेज शेलिंग और फायरिंग की रिपोर्ट आई।
मौत और घायल
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) की PoJK यूनिट ने बताया कि पाकिस्तान रेंजर्स के फायरिंग से एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। JAAC ने भी यही पुष्टि की कि सुरक्षा बलों की फायरिंग और शेलिंग से एक मौत हुई और कई लोग घायल हुए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रदर्शन कहाँ-कहाँ
JAAC की अपील पर हजारों लोग, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे, अब्बासपुर के सरदार गुलाम हुसैन खान स्पोर्ट्स स्टेडियम में जमा हुए। वे बुनियादी अधिकारों की मांग कर रहे हैं और गिरफ्तार नेताओं की रिहाई चाहते हैं, खासकर JAAC लीडर शौकत नवाज मीर की। रावलकोट में धरने पर बैठे लोगों के पास बड़ी-बड़ी गाड़ियां पहुंच रही हैं। PoJK के दूसरे इलाकों में भी प्रदर्शन लगातार हो रहे हैं। न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में कश्मीरी डायस्पोरा के लोग भी गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
पिछली घटनाएं
30 जून को JAAC ने इस्लामाबाद की आलोचना की थी। विपक्षी नेताओं का एक डेलिगेशन PoJK में घुसने नहीं दिया गया था। कार्यकर्ता कहते हैं कि पाकिस्तानी बल प्रदर्शनों की निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी वजह से स्थानीय नेताओं ने 27 जुलाई को होने वाले स्थानीय चुनावों का पूरा बहिष्कार करने की अपील की है। JAAC ने पूरे PoJK में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की बात कही है। उन्होंने सफेद झंडे लेकर बुनियादी अधिकारों की मांग करने और शांति बनाए रखने की सलाह दी है।
गिरफ्तारियां
PoJK एक्टिविस्ट अमजद अयूब मिर्जा ने बताया कि शौकत नवाज मीर की गिरफ्तारी के बाद JAAC के 600 से ज्यादा कार्यकर्ता और एक्टिविस्ट अब तक हिरासत में हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति घंटे-घंटे बदतर होती जा रही है। PoJK और विदेशों दोनों जगह ही प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। इस बीच अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन ने पाकिस्तान की इन सख्त कार्रवाइयों की निंदा की है। वे आगामी क्षेत्रीय चुनावों से पहले शांतिपूर्ण विरोध को दबाने के तरीकों की आलोचना कर रहे हैं।










