महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में मानसूनी कहर: मुंबई-पुणे रूट पर भारी भूस्खलन, कई ट्रेनें रद्द

मुंबई-पुणे रूट पर कर्जत-लोनावला घाट सेक्शन में भूस्खलन से ट्रेन सेवाएं बाधित। रेलवे ने 8 ट्रेनें रद्द और 9 ट्रेनों को डायवर्ट किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्थिति की समीक्षा की।

Published by
कुलदीप सिंह

महाराष्ट्र के मुंबई समेत कई इलाकों में मानसून कहर बनकर बरस रहा है। भारी बारिश ने लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण रविवार देर रात कर्जत और लोनावला के बीच घाट सेक्शन में भूस्खलन हो गया, जिसकी वजह से मुंबई-पुणे रूट पर ट्रेन बाधित हो गईं। रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है और कुछ को दूसरे रास्ते से मोड़ दिया है।

भूस्खलन कहां हुआ

मध्य रेलवे के मुंबई डिवीजन में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच अप मेन लाइन पर भारी भूस्खलन हुआ। कर्जत के पास ठाकुरवाड़ी स्टेशन के नजदीक यह घटना हुई, जिसमें रेलवे की तीनों लाइनें प्रभावित हो गईं। ट्रैक पर मिट्टी, पत्थर और मलबा गिरने से ट्रेनें आगे नहीं बढ़ पाईं। कई ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा।

सुबह करीब 3:05 बजे खंडाला और मंकी हिल स्टेशन के बीच मिडिल लाइन पर एक और भूस्खलन हो गया। घाट क्षेत्र में लगातार बारिश की वजह से पहाड़ियों से पत्थर और मलबा गिरता रहा, जिससे ट्रेन चलाना चुनौतीपूर्ण हो गया।

रेल मंत्री की समीक्षा

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव से बात की और स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मुंबई-पुणे घाट खंड में ट्रैक पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की वजह से समस्या आई है। रेलवे की टीमें बहाली के काम में लगी हुई हैं। मंत्री ने कहा कि आज भी भारी बारिश की संभावना है। उन्होंने पश्चिमी रेलवे और मध्य रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोनों मिलकर ट्रेन सेवाएं जल्द से जल्द शुरू करने का प्रयास करें।

मलबा हटाने का काम

रेलवे की इंजीनियरिंग टीम और आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। वे मलबा हटाने और ट्रैक को साफ करने में लगी हुई हैं। ट्रैक पर बड़े-बड़े पत्थर गिरे हैं, इन्हें हटाने में समय लग सकता है।

कौन-कौन सी ट्रेनें रद्द हुईं

सेंट्रल रेलवे ने सोमवार के लिए निम्न ट्रेनें रद्द कर दी हैं:

  • 22105/22106 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी इंद्रायणी एक्सप्रेस
  • 12169/12170 पुणे-सोलापुर-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस
  • 12127/12128 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी एक्सप्रेस
  • 11007/11008 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी डेक्कन एक्सप्रेस
  • 12123/12124 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी डेक्कन क्वीन
  • 12125/12126 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी प्रगति एक्सप्रेस
  • 11009/11010 सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस
  • 11011/11012 सीएसएमटी-धुले-सीएसएमटी एक्सप्रेस

इसके अलावा 9 लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक रूट से डायवर्ट किया गया है। इनमें अहमदाबाद-कोल्हापुर एक्सप्रेस, इंदौर-दौंड एक्सप्रेस, अहमदाबाद-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, हजूर साहिब नांदेड़-पनवेल एक्सप्रेस, चारलापल्ली-इंदौर हमसफर, एलटीटी-बेंगलुरु एक्सप्रेस, दौंड-ग्वालियर सुपरफास्ट और चेन्नई एग्मोर-सीएसएमटी मेल शामिल हैं। यात्रियों को सलाह है कि ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे ऐप या वेबसाइट से पहले जरूर ले लें।

Share