वामपंथी दुनियाभर ऊधम मचा रहे हैं। इसी क्रम में तुर्की में वामपंथी समूहों ने NATO के खिलाफ प्रदर्शन किए। इनमें सबसे बड़ा प्रदर्शन कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ तुर्की (TKP) ने आयोजित किया था। पुलिस ने अंकारा में 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया।
अंकारा में क्या हुआ
TKP ने अंकारा के केंद्रीय किज़िलय स्क्वायर पर मार्च निकाला। पार्टी के बयान के मुताबिक, 100 से ज्यादा सदस्यों को हिरासत में लिया गया, जिनमें पार्टी के कई प्रशासनिक पदाधिकारी भी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने झंडे लहराते हुए नारे लगाए – “खूनी NATO, देश से बाहर निकलो” और “NATO को रास्ता नहीं”। पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल करके भीड़ को तितर-बितर किया। उल्लेखनीय है कि तुर्किए भी नाटो का ही सदस्य है।
इस्तांबुल में प्रदर्शन
इस्तांबुल में TKP ने अलग प्रदर्शन किया। सैकड़ों लोग तस्कीम स्क्वायर से डॉल्माबाहचे तक मार्च निकालकर गए। काडिकॉय इलाके में वामपंथी समूहों ने दो और प्रदर्शन किए। वहां भारी पुलिस बल तैनात था, लेकिन कोई झड़प नहीं हुई। TKP के महासचिव केमल ओकुयान ने इस्तांबुल में कहा, “हम आज तुर्की के कई हिस्सों में NATO के खिलाफ इकट्ठा हुए हैं। हमने कहा था कि अंकारा को NATO समर्थकों के हवाले नहीं करेंगे और अंकारा को चुप नहीं रहने देंगे। हमने अपना वादा पूरा किया।”
NATO सम्मेलन की तैयारी
तुर्की 8 और 9 जुलाई को अंकारा में NATO सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इसमें 32 सदस्य देशों के नेता और साझेदार देशों के अधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन से पहले सरकार ने सुरक्षा कड़ी कर दी है – प्रदर्शन प्रतिबंधित हैं, शहर के बड़े हिस्सों में बैरिकेडिंग की गई है और कई सड़कें बंद कर दी गई हैं। सरकार की तरफ से इन प्रदर्शनों या हिरासत पर अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।
पहले की कार्रवाई
पिछले महीने अंकारा में आतंकवाद विरोधी छापों में 225 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से 103 को गिरफ्तार किया गया। रविवार को देशभर में अलग छापों में 39 और लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें स्वतंत्र मीडिया के पत्रकार, कार्यकर्ता और शिक्षाविद भी शामिल थे। तुर्की के प्रो-कुर्द DEM पार्टी के सह-अध्यक्ष टुनसर बाकिरहान और मुख्य विपक्षी रिपब्लिकन पीपुल्स पार्टी (CHP) के केमल किलिकदारोग्लू ने इन हिरासतों की आलोचना की। बाकिरहान ने X पर लिखा कि NATO सम्मेलन के बहाने पूरे देश को हिरासत केंद्र बना दिया गया है और अनऑफिशियल मार्शल लॉ चल रहा है।











