जम्‍मू एवं कश्‍मीर

शोपियां: घने बाग में छिपे लश्कर के 2 आतंकी, सेना ने चारों ओर से घेरा, ऑपरेशन जारी

सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकियों को मीमंदर इलाके के एक घने बाग में घेर रखा है। भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ मिलकर इस अभियान को अंजाम दे रहे हैं।

Published by
Mahak Singh

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों का आतंकवाद विरोधी अभियान लगातार जारी है। शनिवार से शुरू हुआ यह ऑपरेशन रविवार को भी जारी रहा। सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकियों को मीमंदर इलाके के एक घने बाग में घेर रखा है। भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ मिलकर इस अभियान को अंजाम दे रहे हैं।

ऑपरेशन जारी, दो आतंकी घेरे में

शनिवार को कुछ खबरों में दावा किया गया था कि दोनों आतंकी मारे गए हैं, लेकिन अधिकारियों ने साफ किया कि ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है। सुरक्षा बल पूरी सावधानी के साथ आगे बढ़ रहे हैं और आतंकियों को पकड़ने या मार गिराने की कोशिश कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियों को तकनीकी निगरानी के दौरान आतंकियों की मौजूदगी का पता चला था। इसके बाद इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया। शनिवार को जब सेना की टीम बाग के अंदर पहुंची तो आतंकियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इसके जवाब में जवानों ने भी फायरिंग की और मुठभेड़ शुरू हो गई। खुफिया एजेंसियों के अनुसार, दोनों आतंकी कुलगाम जिले के रहने वाले हैं। इनमें जाकिर गनी लश्कर-ए-तैयबा का सक्रिय आतंकी माना जाता है। उसका नाम कई आतंकी मामलों में सामने आ चुका है और वह सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है। दूसरा आतंकी लतीफ भट है, जो पिछले साल इस संगठन में शामिल हुआ था और जाकिर के साथ मिलकर काम कर रहा था।

इस अभियान में सुरक्षा बलों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बाग में घने पेड़ और पत्ते होने के कारण आतंकियों को ढूंढ़ना आसान नहीं है। इसलिए सेना हर कदम बेहद सतर्कता के साथ उठा रही है। रात के समय पूरे इलाके में हाई-बीम लाइटें लगाई गई हैं ताकि आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग न सकें। आसपास के गांवों को भी खाली करा दिया गया है ताकि किसी आम नागरिक को नुकसान न पहुंचे। शोपियां का यह इलाका आतंकियों के लिए लंबे समय से अहम माना जाता रहा है। ऐसे में अगर दोनों आतंकियों को पकड़ लिया जाता है या मार गिराया जाता है, तो इससे लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क को बड़ा झटका लग सकता है। फिलहाल, सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रहे हैं और पूरे इलाके की घेराबंदी मजबूत कर दी गई है।

Share