उत्तर प्रदेश

वाराणसी: काशी विश्वनाथ मंदिर गेट नंबर-4 पर पीएसी जवान की राइफल से गलती से चली गोली, तीन लोग घायल

काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 पर पीएसी जवान अमरनाथ चौहान की कार्बाइन फिसलने से गलती से गोली चल गई। गोली जमीन से टकराने पर उछली गिट्टियों से तीन लोगों के हाथ, कमर और पैर में चोट आई। सभी घायल खतरे से बाहर।

Published by
संवाद सूत्र

वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पीएसी के एक जवान की रायफल से गलती से गोली चल गई। गोली जमीन से टकराई, जिससे सड़क की गिट्टियां उछलकर तीन लोगों को लग गईं। घटना में तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है।

जवान का नाम अमरनाथ चौहान (48वीं वाहिनी पीएसी) बताया गया है। घायलों की पहचान रामबाबू गौड़ निवासी सकरकंद गली, विकास यादव निवासी डोमरी तथा निखिल गुप्ता निवासी राजघाट के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मंदिर क्षेत्र में तैनात पीएसी के एक कॉन्स्टेबल के हाथ से कार्बाइन फिसल गई, जिससे जमीन पर गोली चल गई। गोली के जमीन से टकराने पर सड़क की गिट्टियां उछल गईं और उनके छर्रेनुमा टुकड़े आसपास मौजूद तीन लोगों को लग गए। एक व्यक्ति के हाथ, दूसरे की कमर और तीसरे के पैर में मामूली चोट आई है। पुलिस ने बताया कि तीनों घायल खतरे से बाहर हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।

Share