भारत

ई-रिक्शा को बीच सड़क पर रोकने वाले चीनी ऐप पर सरकार का बड़ा एक्शन, प्ले स्टोर से हटाने का दिया आदेश

केंद्र सरकार ने ई-रिक्शा की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने BAT-BMS नाम के दो चीनी मोबाइल ऐप्स को ऐप स्टोर से हटाने का आदेश दिया है।

Published by
Mahak Singh

केंद्र सरकार ने ई-रिक्शा की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने BAT-BMS नाम के दो चीनी मोबाइल ऐप्स को ऐप स्टोर से हटाने का आदेश दिया है। इन ऐप्स को लेकर दावा किया गया था कि इनके जरिए कुछ ई-रिक्शा को दूर बैठे ही नियंत्रित किया जा सकता है। इस खबर के सामने आने के बाद लोगों के बीच साइबर सुरक्षा और स्मार्ट वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

सुरक्षा खतरे के चलते सरकार ने ऐप्स हटवाए

आईटी सचिव एस. कृष्णन ने शुक्रवार को बताया कि सरकार को इन दोनों ऐप्स की जानकारी मिली थी। इसके बाद मामले की जांच की गई और ऐप स्टोर से इन्हें हटाने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी ऐसे ऐप को लोगों तक पहुंचने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, जिससे सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। सरकार इस मामले में ऐप स्टोर चलाने वाली कंपनियों के साथ भी चर्चा करेगी, ताकि भविष्य में ऐसे ऐप्स दोबारा उपलब्ध न हो सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी है कि वे अपने स्टोर पर मौजूद ऐप्स की नियमित जांच करें। यदि कोई ऐप लोगों की सुरक्षा या देश के हितों के लिए खतरा बन सकता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए। यह बयान उन्होंने सीआईआई साइबर सिक्योरिटी समिट के दौरान दिया। यह मामला उस समय चर्चा में आया, जब सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए। इन वीडियो में दावा किया गया कि BAT-BMS ऐप की मदद से कुछ ई-रिक्शा को दूर से ही बंद किया जा सकता है। बताया गया कि यह ऐप इंटरनेट से जुड़े व्हीकल मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से काम करता है, जिससे वाहन के कुछ फीचर्स को रिमोट तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।

Share