
नई दिल्ली: रूस ने यूक्रेन पर बड़ा हमला किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसकी सेना ने कीव समेत कई इलाकों में मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए हैं। इनमें यूक्रेन के सैन्य ठिकानों, ड्रोन निर्माण केंद्रों, एयरफील्ड नेटवर्क और ईंधन भंडारण सुविधाओं को निशाना बनाया गया। इन हमलों में 8 लोगों की मौत हो गई है और 38 से अधिक लोग घायल हुए हैं। रूस ने यूक्रेन के एक ड्रोन कॉम्पलेक्स को निशाना बनाकर तबाह कर दिया गया।
आयरलैंड यात्रा बीच में ही छोड़ कीव लौटे जेलेंस्की
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि रूस ने यूक्रेन में कई जगह लगे स्टारलिंक टर्मिनलों को भी निशाना बनाया है। इन टर्मिनलों के जरिए यूक्रेनी ड्रोन को सैटेलाइट और इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलती है और वे रूस पर हमले करने में सक्षम होते हैं। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अपनी आयरलैंड यात्रा बीच में ही छोड़ दी है। वे कीव लौट आए हैं।
कीव में 28 जगहों पर हमले, 8 लोगों की मौत
कीव में 28 अलग-अलग स्थानों पर हमले हुए हैं। जिनमें अभी कम से कम 8 लोगों की मौत की बात सामने आ रही है। वहीं, 38 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। रूस का कहना है कि यह सैन्य अभियान रूस के नागरिक बुनियादी ढांचे पर यूक्रेन की ओर से किए गए हमलों के जवाब में किया गया है।