दक्षिण 24 परगना। जिले के बसंती थाना क्षेत्र के मस्जिदबाटी इलाके में मंगलवार को स्थानीय लोगों ने कथित भ्रष्टाचार और कटमनी लेने के आरोपों को लेकर एक तृणमूल नेता के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब पुलिस नेता को वहां से निकालने पहुंची। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उन्हें पुलिस के हाथों से छुड़ाने की कोशिश की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बसंती क्षेत्र के तृणमूल नेता पवित्र के खिलाफ लंबे समय से कई शिकायतें थीं। आरोप है कि उन्होंने सरकारी आवास योजना के लाभार्थियों से अवैध वसूली, स्थानीय दुकानदारों से जबरन वसूली की और लोगों को धमकाने का काम भी किया।
मंगलवार को इन्हीं आरोपों को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उनके घर के सामने जमा होकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पाकर बसंती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस को विरोध कर रहे लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आखिरकार पुलिस तृणमूल नेता को वहां से हटाकर थाने ले जाने में सफल रही। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक तृणमूल नेता पवित्र की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

















