कनाडा के सरे में कल देर रात खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर का साथी तीन अज्ञात हमलारवों की गोलीबारी का शिकार हो गया। उसकी जान तो बच गई परंतु उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जाता है कि कनाडा के सरे के 145 स्ट्रीट और 76 एवेन्यू स्थित अपने घर के पास पहुँचते ही तीन लोगों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, लेकिन उसकी जान बच गई।
घायल की पहचान हरजिंदर सिंह धंदोवाल के रूप में हुई है, जो हरदीप सिंह निज्जर का करीबी सहयोगी रहा है। हरदीप सिंह निज्जर की तीन साल पहले सरे के गुरु नानक सिख गुरुद्वारा के पार्किंग स्थल में हत्या कर दी गई थी। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सरे गुरुद्वारा साहिब में चल रहे निर्माण कार्य में भाग लेने के बाद ट्रक चालक धंदोवाल जैसे ही देर रात अपनी हमर गाड़ी से घर पहुँचा, दो कारों में सवार तीन लोगों ने उसका पीछा करते हुए उस पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया।
घबराए हुए धंदोवाल ने तुरंत अपनी गाड़ी का हॉर्न जोर से बजाना शुरू कर दिया, जिसके कारण हमलावरों ने उस पर कुछ ही गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। धंदोवाल को बाएं हाथ में कई गोलियां लगने के बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। तेज हॉर्न की आवाज सुनकर पुलिस दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो कारों में से एक को रोका और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया, जिससे गोलीबारी के मकसद के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने अभी तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में पुलिस ने स्वीकार किया है कि यह हमला पूरी तरह से लक्षित था और इसका फिरौती से कोई संबंध नहीं है।

















