देहरादून: उत्तराखंड के मौसम विभाग ने अगले 4 दिन उत्तराखंड में बारिश, ओलावृष्टि, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल, अल्मोड़ा, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और पौड़ी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओले गिर सकते हैं। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है यहां भारी बारिश, 70 किमी प्रति घंटा तक आंधी तूफान चलने का खतरा भी बताया है।
इस विषय पर सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन का कहना है कि मौसम के मुताबिक सभी अधिकारियों को दिशा निर्देश दे दिए गए है। आपदा ग्रसित क्षेत्र पर टीम तैनात कर दी गई हैं। वहीं आम जनमानस और चार धाम यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरते और अनावश्यक यात्रा से बचें।
















