भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए अब राहत भरी खबर सामने आई है। राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, मध्य भारत और राजस्थान तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में कई राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे जुलाई की शुरुआत में देश के बड़े हिस्से में मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है। हालांकि कुछ इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार उत्तर प्रदेश में 1 जुलाई तक कई जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी यूपी में 3 और 4 जुलाई को भी बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 जून तक और फिर 4 जुलाई को बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 29 जून के साथ-साथ 1 और 2 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश में 1 से 4 जुलाई तक तथा उत्तराखंड में 30 जून से 4 जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ इलाकों में भी भारी वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
राजस्थान और मध्य भारत के राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 4 जुलाई तक बारिश हो सकती है। वहीं छत्तीसगढ़, विदर्भ, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। हालांकि विभाग ने 28 और 29 जून को उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी भी दी है। वहीं निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट का अनुमान है कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो मॉनसून 4 जुलाई तक दिल्ली पहुंच सकता है।















