
सरकारी योजनाओं के नाम पर साइबर अपराधी लगातार लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि भारतीय डाक लोगों को ‘डाक सेवा गिफ्ट’ के नाम पर गिफ्ट्स या इनाम दे रही है। हालांकि, पीआईबी फैक्ट चेक ने अपनी जांच में इसे पूरी तरह से फर्जी करार दे दिया है।
पीआईबी ने अपने फैक्ट चेक ने इसे पूरी तरह फेक बताया है। भारतीय डाक विभाग ने साफ कहा है कि उनके किसी भी आधिकारिक स्कीम या प्रोग्राम से ‘डाक सेवा गिफ्ट’ नाम का कोई ऑफर, रिवॉर्ड स्कीम या लकी ड्रॉ जुड़ा नहीं है। यह पूरी तरह फर्जी है।
वायरल पोस्ट में अक्सर इंडिया पोस्ट का लोगो, गिफ्ट बॉक्स की तस्वीर और एक लिंक दिखाया जाता है। लिंक पर क्लिक करने पर लोगो को अपनी पर्सनल डिटेल्स जैसे बैंक अकाउंट, OTP या आधार नंबर मांगा जाता है। असल में यह स्कैम है। भारतीय डाक कई बार पहले भी ऐसे फर्जी लिंक्स, सर्वे और क्विज के जरिए सब्सिडी या प्राइज देने वाले मैसेज के खिलाफ चेतावनी जारी कर चुकी है। वे कहते हैं कि वे कभी भी ऐसे सर्वे या लकी ड्रॉ के जरिए गिफ्ट्स नहीं बांटते।