Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में आए दो भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। भूकंप के कारण काराकस में कई इमारतें ढह गईं। पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का और दूसरा 7.5 तीव्रता का था। भूकंप के बाद देश में इमरजेंसी की घोषणा कर दी गई है। भूकंप में अब तक 32 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। 700 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। भारत ने राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि प्रभावित इलाकों में भारी तबाही और बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की आशंका के बीच भारत सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की एक विशेष टीम को वेनेजुएला भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि मंजूरी मिलने के बाद NDRF की स्पेशल टीम अत्याधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों, मेडिकल सहायता सामग्री और प्रशिक्षित विशेषज्ञों के साथ वेनेजुएला रवाना की जा सकती है। वहीं, कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने भूकंप के बाद तबाही के मद्देनजर देश को संबोधित भी किया। उन्होंने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रभावित इलाकों में सरकार और संबंधित राहत और बचाव कार्य एजेंसियां हरसंभव मदद मुहैया करा रही हैं।
अमेरिका भेजेगा मदद, राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा- बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज का कहना है कि भूकंप के कारण हुई मौतों की संख्या बढ़ सकती है। बचाव दल अभी भी गिरी हुई इमारतों के मलबे में लोगों को तलाश रहे हैं। वहीं, अमेरिका भी वेनेजुएला के लिए मदद भेज रहा है। डेल्सी रोड्रिगेज का कहना है कि इस संकट की घड़ी में अमेरिका ने मदद का हाथ बढ़ाया है। अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो का कहना है कि अमेरिका तुरंत वेनेजुएला में खोज और बचाव दल भेजेगा। इसके साथ ही वहां चिकित्सा संसाधन और मानवीय सहायता भी भेजी जा रही है। अमेरिका की टीमें मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने में स्थानीय प्रशासन की मदद करेंगी।

PM मोदी ने कहा- भारत हर संभव मदद के लिए तैयार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में आए भयंकर भूकंप और उससे हुई जनहानि पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। पीएम मोदी ने मुश्किल की इस घड़ी में वेनेजुएला के साथ खड़े होने की बात कही है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वेनेजुएला में आए जबरदस्त भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है। भारत के लोगों की तरफ से मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति और खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल वक्त में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।
दुनियाभर के देशों ने वेनेजुएला में आए भूकंप पर गहरा दुख व्यक्त किया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रभावित लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। मैक्रों ने लिखा कि देश में आए भूकंप के बाद वेनेजुएला के लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं और समर्थन। मैं पीड़ितों, उनके प्रियजनों और राहत कार्यों में लगे सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति व्यक्त करता हूं।











