मुंबई लोकल ट्रेन में बारिश के दौरान दरवाजा बंद करने को लेकर हुए झगड़े के बाद एक युवक मयंक लोहार की चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई। यह घटना अंधेरी से बोरीवली के बीच चलती ट्रेन में हुई। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस की सात टीमों ने उसकी तलाश शुरू की और उसे कुर्ला से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान रोशन सुवर्णा (30) के रूप में हुई है। उसके पिता से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया गया और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी ट्रेन में अन्य यात्रियों के सामने खड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं दूसरे वीडियो में वह ट्रेन से निकल बेखौफ अपने घर की ओर जाते हुए दिख रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मयंक लोहार (22) चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल (ट्रेन संख्या 90663) के फर्स्ट-क्लास डिब्बे में सफर कर रहा था, तभी अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच बारिश के दौरान ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर उसकी एक दूसरे यात्री के साथ बहस हो गई। इस बात से गुस्साए आरोपी ने मयंक के पेट में चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। देर रात हुए इस हमले से कोच के अंदर बैठे यात्री हैरान रह गए। जैसे ही ट्रेन रात 11:04 बजे बोरीवली स्टेशन पहुंची, आरोपी ट्रेन के रुकने से पहले ही भाग गया। ट्रेन पहुंचने के तीन मिनट के अंदर ही रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स, रेलवे पुलिस के जवान कोच में पहुंचे और घायल यात्री की मदद की। वे उसे बोरीवली स्टेशन पर बने इमरजेंसी मेडिकल रूम में ले गए, जहां डॉक्टरों ने लोहार की जांच की और फिर उसे एम्बुलेंस से कांदिवली के शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की सूचना मिली उन्होंने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। घटना की जांच के लिए पुलिस की सात टीमें बनाई गईं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

















