भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने एक बार फिर देश के बड़े हिस्से में खराब मौसम को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार आज देश के 23 राज्यों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के साथ 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
23 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, त्रिपुरा, मेघालय, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा बना हुआ है। पूर्वोत्तर राज्यों में स्थिति अधिक गंभीर हो सकती है, जहां तेज आंधी के कारण संपत्ति को नुकसान पहुंचने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने 35 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने का खतरा बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। समय रहते सावधानी बरतकर किसी भी बड़े नुकसान से बचा जा सकता है।















