
वाराणसी। दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के तहत लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध घोषित पांच मकानों को ध्वस्त कर दिया।
वीडीए की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और चिह्नित अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से पूर्व क्षेत्र में मुनादी कराकर भवन स्वामियों से मकान खाली करने की अपील की गई थी। सोमवार को मकान संख्या CK-42/94-95, CK-43/145, CK-43/175-बी, D-50/204 तथा CK-43/123 को ध्वस्त किया गया। इससे पहले भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय भी दिया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, चिह्नित अवैध निर्माणों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण अभियान के तहत कुल 180 से अधिक भवनों को चिह्नित किया गया है। लगभग 650 मीटर लंबी इस सड़क को 17.5 मीटर चौड़ा किया जाना है। वर्तमान में यह मार्ग अत्यंत संकरा होने के कारण भीड़भाड़ और यातायात दबाव की समस्या से जूझ रहा है। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
वहीं, तोड़े गए मकानों का मलबा भी तत्काल हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया। पुलिस उपायुक्त (अपराध) डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। क्षेत्र में पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा।