नई दिल्ली: ममता बनर्जी की पार्टी TMC 28 साल बाद सबसे बड़ी टूट का सामना कर रही है। तृणमूल कांग्रेस की आंतरिक कलह पार्टी को ले डूबी है। TMC के 28 में से 19 सांसदों ने पार्टी के साथ अपनी असहमति जता दी है और वो अब ममता बनर्जी के साथ नहीं रहना चाहते। ममता बनर्जी से असहमत इन सांसदों के नाम भी अब सामने आ गए हैं। पार्टी सांसदों के नाम सामने आते ही यह असंतोष और अधिक बढ़ गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को जिन 20 सांसदों ने अपना समर्थन पत्र भेजा था उनमें से 19 के नामों की मीडिया में चर्चा हो रही है। सूत्रों के हवाले से इन 19 नामों के सार्वजनिक होने की बात कही जा रही है।
ममता से असहमत 19 सांसद कौन?
ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी की तानाशाही के कारण TMC में बड़ी टूट होने जा रही है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद से ही पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ गया था और उसके बाद अब यह असंतोष और आपसी कलह खुलकर सामने आ गई है। TMC के कई विधायकों और सांसदों ने साफ कर दिया है कि वो अब ममता बनर्जी के साथ नहीं रहना चाहते हैं। जिन 20 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को अपना समर्थन पत्र दिया था उनमें से 19 नाम इस समय चर्चा का विषय बने हुए हैं। यह समर्थन पत्र 18 मई को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भेजा गया था।
- काकोली घोष दस्तीदार
- शताब्दी रॉय
- बापी हलदार
- डॉ. शर्मिला सरकार
- प्रसून बंद्योपाध्याय
- जगदीश बर्मा बसुनिया
- असित कुमार माल
- अरूप चक्रवर्ती
- रचना बनर्जी
- सायोनी घोष
- खलीलुर रहमान
- अबू ताहेर खान
- यूसुफ पठान
- मिताली बाग
- माला रॉय
- कालीपदा सोरेन
- दीपक अधिकारी,
- जून मालिया
- पार्थ भौमिक
TMC के 19 बागी सांसदों का अगला कदम क्या?
इन 19 सांसदों में कई ऐसे नाम शामिल हैं जो TMC के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। एक साथ इतने सांसदों का किसी असहमति पत्र पर हस्ताक्षर करना TMC के भीतर गहरे असंतोष का संकेत देता है। अब इन सांसदों का अगला कदम क्या होगा सबकी नजरें इस पर टिकीं हुई हैं। अभी तक इन सांसदों की ओर से किसी नए राजनीतिक मंच या दल के गठन की घोषणा नहीं हुई है। इससे पहले इन बागी सांसदों के बीजेपी नेताओं और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की बातें भी सामने आई थीं। इससे इनके NDA में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि अभी तक इन सांसदों की तरफ से NDA में शामिल होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
वर्तमान में 543 सदस्यीय लोकसभा में NDA को लगभग 293 सांसदों का समर्थन प्राप्त है। बागी टीएमसी नेताओं का दावा है कि पार्टी के 28 में से 20 लोकसभा सांसद उनके साथ हैं और उन्होंने सरकार को समर्थन देने की इच्छा जताई है। यदि ये आंकड़े सही साबित होते हैं तो सरकार का प्रभावी समर्थन आधार 293 से बढ़कर 313 सांसद हो जाएगा।

















