पश्चिम विक्षोभ के असर से उत्तर भारत में गुरुवार को अचानक मौसम बदल गया है। उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की वजह से कुल 16 लोगों की मौत की खबर है। मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को दिल्ली समेत 16 राज्यों में तेज आंधी, ओले और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
ये दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड समेत 16 राज्यों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में आज तेज हवा, ओले गिरने और अच्छी बारिश की संभावना है।
यूपी में वज्रपात
यूपी में कई जगहों पर वज्रपात हुआ। देवरिया में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उरई के कोटरा क्षेत्र में खेत में मवेशी चरा रहे 32 साल के गोविंद की वज्रपात से मौत हो गई। अलीगढ़ में आंधी के समय सीमेंट फैक्ट्री के सिक्योरिटी गार्ड पर बैरियर गिरने से उनकी जान चली गई। बरेली में तेज हवा से सोलर पैनल गिरने से घायल व्यक्ति अस्पताल में इलाज के दौरान चल बसा।
बिहार में आकाशीय बिजली का कहर
बिहार में वज्रपात की सबसे ज्यादा घटनाएं हुईं। यहां कुल 12 लोगों की मौत हुई। खगड़िया जिले में पांच, मधेपुरा में एक दंपती, भागलपुर, सहरसा, भोजपुर और जमुई में एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। सरस्वती नगर गांव में खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। मधेपुरा के परेल गांव में शंभू मंडल और उनकी पत्नी कविता देवी खेत में काम कर रहे थे, तभी वज्रपात से दोनों की मौत हो गई। भोजपुर के कौंरा गांव में तेज आंधी और बारिश के दौरान टिन शेड उड़कर अंगूरा देवी पर गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई। कुल 10 लोग झुलस गए, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल हैं।
पहाड़ी इलाकों में बदलाव
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में पश्चिम विक्षोभ सक्रिय है। पहाड़ों पर हिमपात और मैदानों में बारिश व ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान काफी गिर गया। उत्तराखंड में कई जिलों में अंधड़ के साथ तेज बारिश और ओले का ऑरेंज अलर्ट है। चारधाम यात्रा करने वालों को मौसम की सही जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी गई है।
हिमाचल में कई जगहों पर बारिश और हिमपात हुआ। रोहतांग, कुंजुम और बारालाचा में हल्का हिमपात दर्ज किया गया। ऊना में दिन में लू चली और तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री ज्यादा था।
जम्मू-कश्मीर और पंजाब में मौसम
जम्मू-कश्मीर में दोपहर बाद अचानक हवाएं चलीं, बारिश और ओले पड़े। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली। पंजाब में जालंधर, कपूरथला और अमृतसर समेत कई जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। अमृतसर के पास रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से ट्रेन यातायात कुछ समय के लिए ठप रहा। बाद में पेड़ हटाकर ट्रेनें चलाई गईं।















