नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में यह बात लिखी है। पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा ‘जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है।’
पीएम मोदी ने अपनी इस पोस्ट में एक ‘संस्कृति सुभाषितम्’ भी साझा किया। जिसमें लिखा है ‘सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः। विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते।’ इस संस्कृति सुभाषितम् का अर्थ है- जो जनप्रतिनिधि सेवा को अपना धर्म मानकर निरंतर जनहित में कार्य करता है, सुशासन की ओर से जनता की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करता है। विनम्रता व संयम के साथ विकास को लक्ष्य बनाकर समाज की उन्नति के लिए समर्पित रहता है। असल में वही जनविश्वास, यश और समृद्धि प्राप्त करता है।’
पीएम मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड, सबसे लंबे कार्यकाल वाले पीएम बने
बता दें कि प्रधानमंत्री के तौर पर यह नरेंद्र मोदी का लगातार तीसरा कार्यकाल है। उन्होंने 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहकर सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले यह उपलब्धि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम पर दर्ज थी। नेहरू के 1952 से शुरू हुए कार्यकाल को आधार माना जाता है। क्योंकि देश के पहले आम चुनाव होने से पहले 1947 से 1952 के बीच वह अंतरिम सरकार के प्रमुख थे। इंदिरा गांधी 14 साल से ज्यादा समय तक पीएम पद पर रही थी लेकिन उनका यह कार्यकाल लगातार नहीं था। लेकिन पीएम मोदी का यह लगातार तीसरा कार्यकाल है और वह साल 2014 से अब तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर हैं। पीएम मोदी सबसे पहले साल 2014 में देश के पीएम बने थे। इसके बाद 2019 में वह दूसरी बार और 2024 में ऐतिहासिक रूप से लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री की कुर्सी पर विराजमान हुए।
मोदी के सबसे अधिक समय तक निर्वाचित पीएम बने रहने के रिकॉर्ड पर अभिनंदन प्रस्ताव
आज यानी बुधवार तीन बजे भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की अहम बैठक है। यह बैठक भारत मंडपम में होगी। बैठक में राजग सरकार राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहेंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू बैठक में नरेंद्र मोदी के सबसे अधिक समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने के रिकॉर्ड के संबंध में अभिनंदन प्रस्ताव रखेंगे। अन्य सहयोगी दलों के नेता इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन किया जाएगा।
इस प्रस्ताव में प्रधानमंत्री की पिछले 12 साल की उपलब्धियों का जिक्र किया जाएगा। इसके साथ सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर सरकार की उपलब्धियों और आगामी चुनाव पर चर्चा की जा सकती है। 26 मई 2014 को पहली बार देश के प्रधानमंत्री पद की लेने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वाराणसी से लोकसभा सदस्य निर्वाचित नरेन्द्र मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार इस पद की शपथ ली। 9 जून 2026 को प्रधानमंत्री के रूप में उनके 4,398 दिन (12 साल 15 दिन) पूरे हुए। उन्होंने स्वतंत्र भारत में सबसे लंबे समय तक चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड बना दिया।
















