पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान सीमा पार बैठे हैंडलरों से जुड़े 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में सतर्कता बढ़ गई है।
शांति और कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास
पंजाब पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर काम कर रहे थे। आरोपियों से बरामद हैंड ग्रेनेड इस बात की ओर संकेत करते हैं कि पंजाब में शांति और कानून-व्यवस्था को भंग करने के लिए किसी बड़े षड्यंत्र की तैयारी की जा रही थी।
एफआईआर दर्ज
जांच एजेंसियों का मानना है कि इस मामले के तार सीमा पार सक्रिय नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को हथियार और विस्फोटक सामग्री किस माध्यम से उपलब्ध कराई गई तथा इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस संबंध में थाना घरिंडा में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
फारवर्ड व बैकवर्ड लिंक की जांच
पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उनके आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाया जा सके। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
आतंकवाद की कार्रवाईयों पर सख्ती
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में आतंकवादी गतिविधियों, संगठित अपराध और सीमा पार से संचालित होने वाले नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि पंजाब की शांति, सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई राज्य में आतंक और संगठित अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मानसा में एनआईए की छापामारी
पंजाब के मानसा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मंगलवार सुबह जिले के गांव कुलाना में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि गांव के एक युवक द्वारा कथित तौर पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी से फोन पर संपर्क किए जाने के बाद टीम जांच के लिए गांव पहुंची है।
गांव के लोगों से पूछताछ
जानकारी के अनुसार, एनआईए के करीब एक दर्जन अधिकारी और कर्मचारी तीन वाहनों में सवार होकर तडक़े ही गांव में पहुंचे और कार्रवाई शुरू कर दी। टीम द्वारा संबंधित युवक और उसके संपर्कों को लेकर जांच की जा रही है। साथ ही गांव के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी युवक के फोन रिकॉर्ड और अन्य गतिविधियों की जांच में जुटी हुई है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक हृढ्ढ्र की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पंजाब के युवाओं को बहका रहा है पाकिस्तानी गैंगस्टर भट्ट
गौरतलब है कि शहजाद भट्टी का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आता रहा है। आरोप हैं कि वह सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पंजाब के युवाओं को भडक़ाने का प्रयास करता है, जिसके चलते कई बार कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले भी सामने आए हैं।











