
बहन-भांजे समेत तीन गिरफ्तार
अंबेडकरनगर: युवती के अपहरण और लाखों रुपये के जेवरात की चोरी के मामले में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए माफिया खान मुबारक के परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में खान मुबारक का भांजा आफताब उमर खान, बहन नाजमीन अख्तर और भांजी आरीन फातिमा शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लाख रुपये नकद तथा करीब 43 लाख रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं। न्यायालय में पेशी के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने विवेचना के आधार पर मुकदमे में चोरी समेत अन्य धाराएं भी बढ़ा दी हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नाजमीन अख्तर के विरुद्ध हंसवर और टांडा थानों में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अपहृत युवती का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार अयोध्या जनपद के एक गांव की युवती का अप्रैल माह में कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था। आरोप है कि बसखारी थाना क्षेत्र के मकोइया गांव निवासी आफताब खान युवती को डरा-धमकाकर अपने साथ ले गया था। इससे पहले भी वह युवती पर जबरन विवाह का दबाव बना चुका था।
पीड़िता के परिजनों के मुताबिक, घटना के समय घर में रखे लगभग 52 तोला सोने के आभूषण, एक मोबाइल फोन, मैकबुक और 1.35 लाख रुपये नकद भी गायब मिले। आरोप है कि आफताब जाते समय घर में मौजूद दूसरी पुत्री को थप्पड़ मारकर किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दे गया था। उस समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। रात में परिजनों के घर लौटने पर घटना की जानकारी हुई। इसके बाद वे युवती की तलाश में आफताब के घर पहुंचे, जहां आरोप है कि उसकी मां नाजमीन अख्तर तथा बहनें आरीन और सबाना ने उन्हें धमकाकर भगा दिया। मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने सोमवार सुबह आफताब खान, नाजमीन अख्तर और आरीन फातिमा को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान एक लाख रुपये नकद, 100 ग्राम का रानी हार, झुमके, नेकलेस-ईयरिंग सेट, 22.65 ग्राम हीरे, हीरे की अंगूठी तथा कल्याण ज्वेलर्स के तीन प्रमाण-पत्र बरामद किए गए।