वाराणसी के राजघाट स्थित काशी रेलवे स्टेशन के पास बनी अवैध अजगैब शहीद मस्जिद, कब्रिस्तान को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि यह मस्जिद रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित थी। काशी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण का कार्य शुरू होने पर रेलवे ने भूमि की पैमाइश कराई। इस दौरान पता चला कि मस्जिद रेलवे की जमीन पर बनी हुई है। इसके बाद मुतवल्ली को नोटिस जारी किया गया, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने आधी रात को बुल्डोजर चलाकर मस्जिद को ध्वस्त करा दिया।
प्रशासन की टीम आधी रात को मौके पर पहुंची और बुल्डोजर की मदद से पूरी मस्जिद को ध्वस्त कर दिया। दरअसल, काशी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण के लिए इस मस्जिद को हटाया गया है। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ वाराणसी रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से बने इस मस्जिद को हटाया है।
रेलवे ने पहले दिया था नोटिस, मुतवल्ली ने नहीं की कोई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान वाराणसी पुलिस के कई थानों की फोर्स के साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) भी तैनात थी। थाना आदमपुर क्षेत्र स्थित राजघाट के पास रेलवे की भूमि पर यह मस्जिद बनी हुई थी। काशी स्टेशन के विस्तारीकरण की योजना के तहत रेलवे ने इस भूमि को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की थी। हालांकि, तब तक यहां मस्जिद का निर्माण काफी बड़े स्वरूप में हो चुका था। रेलवे प्रशासन ने करीब डेढ़ माह पूर्व मस्जिद के मुतवल्ली को नोटिस जारी किया था, लेकिन उसकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसे भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने अरावली पहाड़ियों की नई परिभाषा के लिए गठित की 5 सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति
मस्जिद के पास का अतिक्रमण भी ध्वस्त
इसके बाद रेलवे प्रशासन ने यह बड़ी कार्रवाई की। पैमाइश के दौरान चला था अतिक्रमण का पता मस्जिद के साथ-साथ इस भूमि पर मौजूद अन्य अतिक्रमणों को भी ध्वस्त कर जमीन को समतल कर दिया गया। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक बुल्डोजर लगाए गए, जो लगातार अतिक्रमण हटाने और मलबा साफ करने में जुटे रहे।
इस कार्रवाई के बाद काशी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण की योजना को गति मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि काशी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण की योजना वर्ष 2024 में स्वीकृत हुई थी। स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जाना है, जहां यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।











