आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 47 गेंदों में 96 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत राजस्थान को मजबूत शुरुआत मिली और क्रिकेट जगत में उनकी खूब चर्चा हो रही है।
वैभव ने रिकॉर्ड्स की लगाई झड़ी
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। सबसे खास उपलब्धि यह रही कि उन्होंने सिर्फ 440 गेंदों में 1,000 आईपीएल रन पूरे कर नया रिकॉर्ड बना दिया। इतनी कम गेंदों में यह मुकाम हासिल करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।इसके अलावा वैभव इस सीजन के पावरप्ले ओवरों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने पावरप्ले में कुल 521 रन बनाए हैं, जो इस सीजन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने विरोधी टीमों के गेंदबाजों के लिए लगातार मुश्किलें खड़ी की हैं।
वैभव ने एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह आईपीएल के एक सीजन में 700 रन तक पहुंचने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। यह उपलब्धि उन्होंने सिर्फ 15 साल और 63 दिन की उम्र में हासिल की है, जो उनकी प्रतिभा को दर्शाती है। उनके बल्ले से इस सीजन लगातार रन निकले हैं। उन्होंने एक टी20 सीजन में 135 चौके लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया है। इसके साथ ही आईपीएल प्लेऑफ मुकाबलों में सबसे ज्यादा 19 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हो गया है।

















