नई दिल्ली: अमेरिका में एक गुजराती महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। माना जा रहा है कि इस घटना का संबंध लूटपाट से है। मृतक महिला की पहचान मेघना पटेल के रूप में हुई है। वो मूल रूप से गुजरात के मेहसाणा जिले के बीजापुर क्षेत्र में स्थित जंत्राल गांव की रहने वाली थीं। इस घटना के बाद उनके गांव में शोक की लहर छाई हुई है। दूसरी तरफ अमेरिका में रहने वाले गुजराती समुदाय में भी सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
स्टोर में घुसा हमलावर और कर दी अंधाधुंध फायरिंग
मेघना पटेल परिवार के साथ अमेरिका में ही बस गई थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक अनजान हमलावर ने स्टोर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की जिसमें उनकी मौत हो गई। इस हमले के पीछे लूटपाट का मकसद होने की संभावना जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही लोकल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी करके जांच शुरू कर दी।
पुलिस की गिरफ्तार से बाहर हमलावर
फिलहाल अभी पुलिस हमलावर को पकड़ नहीं पाई है। इस घटना की खबर फैलते ही मृतका मेघना पटेल के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना ने एक बार फिर विदेश में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











