पश्चिम बंगाल में टीएमसी के महासचिव अभिषेक बनर्जी की Z प्लस सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद सोमवार को सादे कपड़ों में पुलिस वाले अभिषेक बनर्जी के घर शांतिनिकेतन पहुंचे। इसके बाद पुलिस के जवानों ने वहां एक बड़ा मॉनिटर और हार्ड डिस्क लेकर निकले। कहा जा रहा है कि बनर्जी की सुरक्षा घटाए जाने के बाद रुटीन के तहत ऐसा किया गया है।
दरअसल, 4 मई से पहले उनके घर पर पहले सुरक्षा का पूरा इंतजाम था। पहले अभिषेक बनर्जी को Z-plus सुरक्षा मिली हुई थी। उनके घर पर कोलकाता पुलिस की कई यूनिट तैनात रहती थीं। आर्मर्ड वाहन भी लगा रहता था। अब सुरक्षा घटने के बाद दिन में कुछ पुलिस वाले रहते हैं और रात में एक हथियारबंद मोबाइल यूनिट आती है।
सोमवार को पुलिस वालों के आने से पहले घर के आसपास अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाई गई थी। सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मी कुछ देर अंदर रहे और फिर मॉनिटर व हार्ड डिस्क लेकर बाहर निकले। मीडिया वाले जब उनसे सवाल पूछने लगे तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
इसे भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठियों पर सख्ती: 24 घंटे में 12 बांग्लादेशी डिटेंशन सेंटर भेजे गए
पुलिस ने क्या कहा
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि यह कोई खास ऑपरेशन या कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं थी। उन्होंने इसे रूटीन ऑफिशियल काम बताया। दूसरे अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा के लिए लगाया गया उपकरण था, जो सरकार का है। इसलिए उसे वापस ले लिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह मॉनिटर पास की सुरक्षा कैमरों की फीड देखने के लिए लगा था। Z-plus सुरक्षा हटने के बाद एक्स्ट्रा कैमरे हटा दिए गए थे, लेकिन मॉनिटर घर के अंदर रह गया था। अब उसे भी ले जाया गया।
तृणमूल कांग्रेस का बयान
तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि सुरक्षा कम होने के बाद रूटीन में ही सुरक्षा उपकरण वापस लेने आए थे। पूर्व राज्यसभा सांसद और तृणमूल प्रवक्ता सकेत गोखले ने कहा कि अभिषेक बनर्जी को Z कैटेगरी की सुरक्षा अचानक राजनीतिक बदले की भावना से हटा दी गई। पुलिस सिर्फ मेटल डिटेक्टर हटाने आई थी। उन्होंने इसे BJP के निर्देश पर बनाया गया तमाशा बताया। बंगाल BJP की तरफ से इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं आई है।
सुरक्षा स्कैनर का मॉनीटर हटाया गया
घर पर पहले सुरक्षा स्कैनर लगा हुआ था, जिससे जुड़ा मॉनिटर था। सुरक्षा घटने के बाद यह उपकरण हटाने का फैसला लिया गया। पुलिस की टीम ने शांतिपूर्वक काम किया और सामान लेकर चली गई।

















