दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के रक्षा तथा स्त्रातजिक अध्ययन विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘कन्हैया सिंह शोध सम्मान’ से अलंकृत किया गया है।
आज देवरिया में प्रेस्टिज संस्थान परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रो. सिन्हा को सम्मान स्वरूप वाग्देवी की प्रतिमा, श्रीफल, प्रशस्तिपत्र एवं ₹26,000 की सम्मान राशि प्रदान की गई । यह सम्मान विगत 6 वर्षों से अकादमिक एवं सामाजिक अनुसंधान में विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।
यह जानकारी देते हुए प्रेस्टीज संस्थान के निदेशक श्री शिव नारायण सिंह ने बताया कि इस वर्ष के निर्णायक मंडल में भारतीय प्रशासनिक सेवा के तीन वरिष्ठ अधिकारी क्रमशः श्री विजय प्रकाश श्रीवास्तव, श्री अजय सैनी तथा श्री अमर कुशवाहा सम्मिलित थे।
उच्च शिक्षा में 36 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले प्रो. सिन्हा राष्ट्रीय सुरक्षा, दक्षिण एशियाई मामलों और मीडिया विशेषज्ञ के रूप में देश-विदेश में जाने जाते हैं। वे कोलंबो की प्रतिष्ठित संस्था RCSS के फेलो रहे हैं और उनकी पुस्तक को भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा प्रथम पुरस्कार भी मिल चुका है।
वे उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020के क्रियान्वयन के लिये गठित स्टेट स्टीयरिंग कमेटी तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी विशेष पाठ्यक्रम निर्माण समिति के सदस्य भी हैं।
इसके अलावा, उन्होंने करीब तीन दशकों तक बीबीसी और इंडिया टुडे जैसे वैश्विक संस्थानों के लिए सक्रिय पत्रकारिता भी की है, जिसके लिए उन्हें ‘द्वारका प्रसाद अग्रवाल राष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान’ से भी नवाजा जा चुका है।

















