उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने खुद को हिंदू बताकर उसे प्रेम जाल में फंसाया, शादी की और बाद में अपनी असली पहचान छिपाने का सच सामने आने पर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा। पीड़िता ने अब एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की है।
हिंदू नाम बताकर युवती से बढ़ाई नजदीकियां
मामला बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के अनुसार, साल 2023 में वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती थी। वहीं उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम राज गुप्ता बताया। युवती का कहना है कि युवक खुद को इंजीनियर बताता था और हिंदू रीति-रिवाजों का पालन करता था। वह मंदिर जाता था, माथे पर तिलक लगाता था और हाथ में कलावा भी पहनता था। इन बातों के कारण युवती को उस पर भरोसा हो गया। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बाद में युवती नौकरी छोड़कर बरेली लौट आई, लेकिन दोनों के बीच बातचीत जारी रही। आरोप है कि मार्च 2024 में युवक उसे शादी का झांसा देकर बरेली के एक होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता का कहना है कि जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी उस पर गर्भपात का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। शादी के कुछ समय बाद युवती को पता चला कि युवक का असली नाम राज गुप्ता नहीं बल्कि कय्यूम है। युवती के अनुसार, बेटी के जन्म के बाद आरोपी और उसका परिवार उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगे। मना करने पर उसे अलग रहने के लिए मजबूर कर दिया गया। पीड़िता ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। कय्यूम ने उससे कहा कि अगर वह ज़्यादा बोलेगी तो वह उसे टुकड़ों में काटकर फ्रीजर में रख देगा। पीड़िता का कहना है कि स्थानीय पुलिस से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह एसएसपी कार्यालय पहुंची और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा है कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और पुलिस को जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















