देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर प्रदेश में घोषित तीन दिवसीय राजकीय शोक के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना DIT यूनिवर्सिटी प्रबंधन को भारी पड़ गया। दून पुलिस ने सरकारी आदेशों की अवहेलना करने पर विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड शासन द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (रि)भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया था। इसके तहत शिक्षा विभाग ने उत्तराखंड ने 19 मई 2026 को आदेश जारी कर सभी शैक्षणिक संस्थानों में किसी भी प्रकार के मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर रोक लगाई थी। संबंधित निर्देश सभी शिक्षण संस्थानों को भेजे गए थे। इसके बावजूद राजपुर क्षेत्र स्थित DIT यूनिवर्सिटी परिसर में 19 मई की शाम सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज
मामले की जानकारी मिलने पर थाना राजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है आगे की कारवाई विवेचना अधिकारी के सुपर्द की गई है।










