नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी हमेशा अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में रहते हैं। उनकी ये बयानबाजियां न सिर्फ उनकी पार्टी बल्कि पार्टी के नेताओं को भी असहज में डाल देती है। राहुल गांधी शब्दों की गरिमा और सीमा का भी पार कर डालते हैं। यह राजनीतिक परिपक्वता नहीं बल्कि बचकानी हरकत है। वह जब देश से बाहर होते हैं तो ऐसी बातें बोलते हैं जिससे भारत की छवि खराब होती है। देश के अंदर होते हैं तो पीएम मोदी के लिए अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करते रहते हैं। राहुल गांधी की बयानबाजी उनकी राजनीतिक हताशा को दिखाती है। तभी बीजेपी आक्रमक होकर उन्हें देश की राजनीति का राहु बता रही है।
देश की राजनीति के राहु हैं राहुल गांधी…खराब कर रहे हैं वातावरण
राहुल गांधी के हालिया बयान पर बीजेपी हमलावर हो गई है। उन्होंने बीजेपी और आरएसएस को निशाने पर लेते हुए पीएम मोदी और अमित शाह को गद्दार कहा था। जिसके बाद बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनके इस बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि राहुल गांधी ने न सिर्फ प्रधानमंत्री का बल्कि अपने बयान से देश की जनता का भी अपमान किया है। प्रधानमंत्री ने देश के किसानों को जमीन भी दी और जमीर को भी मजबूत किया है। नितिन नवीन ने कहा कि मैं मानता हूं राहुल गांधी देश की राजनीति के राहु हैं और उन्होंने देश के वातावरण को गंदा और दूषित किया है।
अपने परिवार की गद्दारी का इतिहास देखें राहुल गांधी
बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने भी राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राहुल गांधी ने देश के प्रधानमंत्री को गद्दार कहा उससे उनके संस्कार दिखते हैं। कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने ओबीसी और गरीब समाज से आने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई बार गालियां दी हैं। पीएम मोदी को बार-बार गाली देने से राहुल गांधी की मानसिकता दिखती है। जहां तक गद्दारी की बात है तो राहुल गांधी अपने परिवार का इतिहास देख लें। हर क्षण गद्दारी करने का काम किसने किया है?
सत्ता नहीं मिलने से निराश हैं राहुल गांधी
लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी राहुल गांधी के बयान की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के लिए इस तरह की अभद्र टिप्पणी करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। हमारे प्रधानमंत्री देश की 140 करोड़ आबादी का प्रतिनिधित्व कर रहें है। ऐसे में जब उनके लिए ऐसी भाषा का उपयोग किया जाता है तो इसका प्रभाव देश की आबादी पर भी पड़ता है। सार्वजनिक जीवन में भाषा की गरिमा और संवैधानिक पदों के प्रति सम्मान बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी सत्ता नहीं मिलने के कारण निराशा है। वे मोदी जी को गाली नहीं दे रहे हैं बल्कि देश को गाली दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि राहुल गांधी को भारत और भारत में बनी हर वस्तु से इतनी नफरत क्यों है?

















