हरिद्वार: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद खंडूरी का हरिद्वार के खरखरी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे मनीष खंडूरी ने गंगा किनारे उनके पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार से पहले उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ यहां लाया गया और एक स्पेशल पुलिस टुकड़ी ने अंतिम संस्कार की सलामी दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री खजान दास, मंत्री धन सिंह रावत, गणेश जोशी, खजान दास, भरत चौधरी, सांसद अजय भट्ट,पूर्व सांसद बलराज पासी, संगठन मंत्री अजेय कुमार, पार्टी महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार, कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल समेत कई वरिष्ठ नेता, विधायक और बड़ी संख्या में समर्थक एवं आमजन मौके पर मौजूद रहे।
उपराष्ट्रपति पहुंचे आवास
स्व खंडूरी को अंतिम श्रद्धांजलि देने उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन आज सुबह दिल्ली से उनके निवास स्थान पहुंचे और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए । उन्होंने स्व खंडूरी के पुत्र मनीष और पुत्री ऋतु खंडूरी भूषण से भी मिलकर अपने संवेदनाएं प्रकट की। उत्तराखंड के गवर्नर लेफ्ट जनरल ( रि) गुरमीत सिंह ने भी नैनीताल से देहरादून पहुंच कर श्री खंडूरी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए ।
सीएम धामी ने दिया पार्थिव देह को कंधा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री खंडूरी को अंतिम यात्रा में ले जाते वक्त कंधा दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने स्व खंडूरी के रूप में अपना एक अभिभावक खो दिया, उनकी राष्ट्र सेवाओं को समाज सेवाओं को हमेशा याद किया जाता रहेगा।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर, सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद पौड़ी अनिल बलूनी, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा आदि ने पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी को श्रदांजलि दी।











