महाराष्ट्र में मुंबई स्थित पश्चिमी रेलवे बांद्रा (पूर्व) के गरीब नगर में बांग्लादेशी घुसपैठियों की 700 अवैध झुग्गियों और निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। इन घुसपैठियों ने वर्षों से रेलवे की जमीन पर कब्जा कर रखा था। बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर अवैध निर्माणों पर यह कार्रवाई शुरू की गई है। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बांद्रा में चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान पर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कांग्रेस, उद्धव ठाकरे और एआईएमआईएम पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई ने लैंड जिहाद, वोट जिहाद और लव जिहाद में विश्वास रखने वालों को सबक सिखा दिया।
9 सालों तक हुई गहन जांच
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांद्रा स्टेशन के पास गरीब नगर इलाके में रेलवे की जमीन पर अवैध निर्माणों को हटाने का अभियान चलाया जा रहा है, जो पांच दिनों तक (19 से 23 मई) तक चलेगा। यह अभियान नागरिक प्रशासन, पुलिस अधिकारियों और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से चलाया जा रहा है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर वहां के लोगों को पहले ही आधिकारिक नोटिस दे दिया था।

दरअसल, यह कार्रवाई कोई अचानक नहीं की गई है। सार्वजनिक परिसर अधिनियम के तहत यह कार्रवाई वर्ष 2017 से पहले शुरू की गई थी और बेदखली के आदेश पारित किए गए थे। इस मामले की सुनवाई बॉम्बे हाईकोर्ट में 2017 से चल रही है। करीब 9 सालों तक मामले की गहन न्यायिक जांच की गई है।
बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने 29 अप्रैल 2026 को अपना अंतिम आदेश दिया। अदालत ने वैध या कानूनी ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचाते हुए अतिक्रमण हटाने की अनुमति दी। हाईकोर्ट के आदेश के कुछ दिनों बाद मंगलवार (19 मई) सुबह बांग्लादेशी घुसपैठियों की 700 अवैध झुग्गियों और निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई कर उसे ढहा दिया गया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए थे, जिनमें सिटी पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के लगभग 1000 कर्मी शामिल थे।
किरीट सोमैया ने क्या कहा?
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मीडियाकर्मियों से कहा कि लैंड जिहाद, वोट जिहाद व लव जिहाद में विश्वास रखने वाले उद्धव ठाकरे, राहुल गांधी और एआईएमआईएम को सबक मिल गया है। बांग्लादेशी, रोहिंग्या और अवैध घुसपैठिए रेलवे की जमीन पर कब्जा कर लेते हैं। रेलवे लाइन बंद कर देते हैं। इन लोगों ने बांद्रा रेलवे टर्मिनस का डेवलेपमेंट रोक दिया था। उन सबको आज वापस बांग्लादेश भेजने की व्यवस्था की गई है। 700 से अधिक अवैध झुग्गियों को तोड़ दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा, “मैं रेलवे प्रशासन, मुंबई पुलिस और महानगरपालिका को धन्यवाद देता हूं। तीन घंटों तक चली बुलडोजर कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई। मैं चाहता हूं कि रेलवे मंत्री जल्द से जल्द नई पटरियां बिझाने का कार्य शुरू करें।”
अतिक्रमण हटाने से रेलवे का होगा विस्तार
मुंबई के रेलवे क्षेत्र में रेल क्षमता बढ़ाने के लिए अतिक्रमण हटाया जाना बेहद जरूरी है, ताकि रेलवे सुरक्षा, परिचालन सुगमता और भविष्य में बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जा सके। अतिक्रमण हटने से देश में यात्रियों के लिए अतिरिक्त लंबी दूरी की ट्रेन सेवाएं शुरू करने में सुविधा मिलेगी।

















