NEET Re-Exam Date: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (NEET UG) 2026 री-एग्जाम की तिथि की घोषणा हो चुकी है। अब यह परीक्षा 21 जून को फिर से आयोजित होगी। पेपर लीक होने के कारण इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। इससे पहले ये परीक्षा तीन मई को हुई थी।
नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई थी। इसके बाद री-एग्जाम की तिथि की घोषणा हुई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने एक्स पर पोस्ट कर नई तारीख का ऐलान किया है। अपने पोस्ट में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने लिखा है कि भारत सरकार की मंज़ूरी से NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को तय की है। उम्मीदवारों और अभिभावकों से अनुरोध है कि वे सिर्फ NTA के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।
जांच में सामने आया है कि नीट का लीक पेपर कुछ जगहों पर 25 से 30 लाख रुपये तक में खरीदा गया था। इस पूरे गिरोह से जुड़े हुए लोगों ने एक ही पेपर को कई छात्रों को बेचकर करोड़ों रुपये की कमाई की। जांच एजेंसियों के पास इस बात के सबूत हाथ लगे हैं। जांच में इस पेपर लीक प्रकरण में संगठित नेटवर्क के शामिल होने के संकेत मिले हैं। हरियाणा से पेपर लीक होने के बाद यह जयपुर और सीकर जैसे कोचिंग हब में ‘गेस पेपर’ के नाम पर फैलाया गया। इस गेस पेपर में असली पेपर के बायोलॉजी के 90 और केमिस्ट्री के 45 सवाल छिपाकर छात्रों तक पहुंचाए गए। यह गेस पेपर परीक्षा से कई घंटे पहले ही सर्कुलेशन में आ गया था। सबसे पहले 2 मई की रात इसे PDF के रूप में शेयर किया गया और 3 मई की परीक्षा के बाद जब सवालों का मिलान हुआ तो बड़ी संख्या में प्रश्न मैच होने से पूरे मामले का खुलासा हो गया। सीकर के एक पीजी संचालक को ‘गेस पेपर’ संदिग्ध लगा और इसके बाद इस पूरे प्रकरण का भंडाफोड़ हुआ।











